Breaking

Your Ads Here

Friday, December 5, 2025

बाथरूम में नहाते वक्त सिपाही की मौत, आगरा से मेरठ पहुंचा शव


-सलामी देकर दी गई अंतिम विदाई, श्रद्धांजलि देने पहुंचे विधायक अतुल प्रधान

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। बाथरूम में नहाते वक्त 29 साल के सिपाही की मौत हो गई। सिपाही निखिल मोतला किराए के कमरे में दोस्त के साथ रहते थे। सुबह ड्यूटी पर जाने के लिए उठे। बाथरूम में पानी गर्म करने के लिए बाल्टी में इमर्शन रॉड लगाया। बाहर आकर बाकी काम निपटाने लगे। थोड़ी देर बाद नहाने के लिए बाथरूम में गए। पानी में उतरे करंट की चपेट में आ गए और मौत हो गई।

मूलरूप से मेरठ के रहने वाले निखिल आगरा के मलपुरा में तैनात थे। डेढ़ साल पहले ही शादी हुई थी। पिता प्रदीप मोतला मंडौरा समिति के पूर्व चेयरमैन हैं। शुक्रवार सुबह उनका शव घर पहुंचा। जहां उन्हें सलामी देकर अंतिम विदाई दी गई। सपा विधायक अतुल प्रधान भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे। डीसीपी पश्चिमी जोन अतुल शर्मा ने बताया- आशीष और निखिल बचपन से दोस्त थे। दोनों ने एक साथ पढ़ाई की। साथ में ही 2021 में पुलिस में भर्ती हुए थे। आगरा में पहली तैनाती मिली थी। आशीष वैसे तो आगरा में ही अपने परिवार के साथ रहते थे। लेकिन, कुछ समय पहले उनका परिवार गांव चला गया। इसके बाद वह अपने दोस्त निखिल के साथ आकर रहने लगे। पोस्टमॉर्टम हाउस पर ही निखिल को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान डीसीपी पश्चिमी जोन अतुल शर्मा, एसीपी डॉ. सुकन्या शर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। इसके बाद पार्थिव शरीर को मेरठ ले जाया गया।

डेढ़ साल पहले हुई थी
निखिल की शादी लगभग डेढ़ साल पहले हुई थी। उनकी एक 8 महीने की बेटी है। घर में पिता प्रदीप के अलावा मां मंजू देवी, पत्नी दीपांशी के अलावा भाई आशीष हैं। आशीष मेरठ में एडवोकेट की प्रैक्टिस करते हैं। पिता गांव मंडोरा में कोऑपरेटिव के पूर्व चेयरमैन रह चुके हैं। फिलहाल गन्ना समिति से चेयरमैन हैं। अतुल प्रधान से जुड़े हैं। पड़ोसियों ने बताया- दोपहर में निखिल अचानक करंट की चपेट में आ गए। उनके साथी आशीष और अन्य पड़ोसियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और निखिल को ग्वालियर रोड स्थित नवभारत हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here