Breaking

Your Ads Here

Monday, December 29, 2025

सुभारती विश्वविद्यालय में होगा स्वराज दिवस का भव्य आयोजन



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ।
स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में 30 दिसंबर 2025 को स्वराज दिवस अत्यंत भव्यता एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया जाएगा। प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी इस ऐतिहासिक दिवस को स्मरणीय बनाने के लिए विश्वविद्यालय परिसर में तैयारियाँ जोरों पर हैं।


गौरतलब है कि 30 दिसंबर 1943 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने अंडमान- निकोबार द्वीप समूह के पोर्ट ब्लेयर में पहली बार तिरंगा फहराया था तथा अंडमान-निकोबार को भारत का प्रथम स्वतंत्र राज्य घोषित किया था। इसी पावन भूमि पर भारत की प्रथम सरकार, आज़ाद हिंद सरकार का गठन हुआ था, जिसने स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा प्रदान की।


इस गौरवशाली ऐतिहासिक दिवस के उपलक्ष्य में सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ परिसर स्थित आई.एन.ए. शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। विश्वविद्यालय परिसर स्थित मांगल्य प्रेक्षागृह में आईएनएस कोलकाता के एक सैन्य युद्धक जहाज के मॉडल का उद्घाटन भी होगा। इस अवसर पर आजाद हिंद फौज का तिरंगा फहराया जाएगा तथा आज़ाद हिंद गान का वाचन भी किया जाएगा। जिसके पश्चात सत्यजीत रे सभागार में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध फ़िल्म निर्देशक अमलम कुसुम घोष (बंगाल निवासी) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएँ एवं विश्वविद्यालय के शिक्षकगण बड़ी संख्या में सहभागिता करेंगे।


स्वराज दिवस के इस आयोजन के माध्यम से विश्वविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों एवं समाज में राष्ट्रभक्ति, त्याग एवं स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों को सुदृढ़ करने का संदेश दिया जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here