नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डा0 वी0के0 सिंह की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक सम्पन्न हुई। सर्वप्रथम उपायुक्त उद्योग द्वारा जिलाधिकारी तथा अन्य अधिकारीगण एवं औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। बैठक का संचालन दीपेन्द्र कुमार (उपायुक्त उद्योग) द्वारा किया गया।
सर्वप्रथम लोहिया नगर में कैंची कलस्टर में पुलिस चौकी की स्थापना के संबंध में जिलाधिकारी द्वारा मेरठ विकास प्राधिकरण द्वारा चिन्हित करायी गयी भूमि पर पुलिस विभाग को चौकी का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारम्भ कराने के निर्देश दिये गये। मेवला फ्लाईओवर की सड़क निर्माण के लिए उपस्थित सहायक अभियंता, नगर निगम द्वारा अवगत कराया गया कि मेवला फ्लाई ओवर की सड़क निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। नाले की फेंसिंग वॉल के मरम्मत कार्य हेतु आगणन रूपये 14.92 लाख का गठित कर दिया गया है, सक्षम स्तर से स्वीकृति उपरांत कार्य प्रारम्भ कर दिया जाएगा, जिस पर अध्यक्ष महोदय द्वारा सम्बन्धित फेंसिंग सम्बन्धी कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिये गये।
स्पोर्ट्स कॉम्पलैक्स एवं मोहकमपुर फेस-प्रथम के मुख्य नाले के संबंध में उपस्थित सहायक अभियंता, नगर निगम द्वारा अवगत कराया गया कि ट्रांसपोर्ट नगर से डी०एन० पॉलीटेक्निक कॉलेज तक नाले के निर्माण हेतु कार्ययोजना की डी०पी०आर० शासन को प्रेषित कर दी गयी है, शासन द्वारा स्वीकृति उपरांत ही आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। दिल्ली रोड से शताब्दी नगर, संगम रेस्टोरेंट के सामने से जाने वाली चौडी डिवाइडर रोड जो एयरपोर्ट तक जाती है कि सडक किनारे टाइल्स लगाने के सम्बन्ध में सहायक अभियंता, एम०डी०ए० द्वारा अवगत कराया गया कि सडक किनारे की टाइल्स लगवाने हेतु आगणन तैयार कर दिया गया है। सक्षम स्तर से स्वीकृति उपरांत कार्य प्रारम्भ करा दिया जाएगा जिस पर अध्यक्ष द्वारा कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिये गये।
नूरनगर रोड, मेरठ के टूटे नाले की मरम्मत कराने तथा सडक को बनवाये जाने के संबंध में अधिशासी अभियंता, नगर निगम द्वारा समिति को अवगत कराया गया कि स्थल पर कॉलोनीवासियों से हयूम पाइप डालने की सहमति हो गयी है। हयूम पाइप डालने हेतु निविदा आमंत्रित की गयी है। बिड प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार कार्यवाही की जायगी जिस पर अध्यक्ष महोदय ने कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिये गये।
बैठक में क्षेत्रीय प्रबंधक, यूपीसीडा, सहायक अभियंता, नगर निगम, सहायक अभियंता, मेरठ विकास प्राधिकरण, अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग, प्रतिनिधि पुलिस विभाग, अधिशासी अभियंता, विद्युत विभाग-प्रथम, जिला आबकारी अधिकारी, अग्निशमन अधिकारी आदि एवं औद्योगिक संगठनों से अंकित सिंघल, अध्यक्ष, आई०आई०ए०, निपुण जैन, अध्यक्ष, परतापुर इण्ड०एसो०, डी०के० सिंह, अध्यक्ष, बागपत रोड इण्ड० एसो०. आशुतोष अग्रवाल, सचिव, सीडीपी एम.एस.एम.ई व अन्य उद्यमीगणों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
No comments:
Post a Comment