अर्जुन देशवाल
नित्य संदेश, बहसूमा। डी.पी.एम. सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, बहसूमा, मेरठ के होनहार छात्र स्पर्श माहेश्वरी का एम.बी.बी.एस. (M.B.B.S.) में चयन हुआ है। यह उपलब्धि न केवल माहेश्वरी परिवार के लिए, बल्कि पूरे बहसूमा नगर, क्षेत्रवासियों एवं डी.पी.एम. परिवार के लिए गर्व और खुशी का विषय है।
स्पर्श माहेश्वरी ने डी.पी.एम. सीनियर सेकेंडरी स्कूल बहसूमा, मेरठ से इंटरमीडिएट शिक्षा पूर्ण की तथा आगे आकाश इंस्टीट्यूट, मेरठ से कोचिंग ग्रहण कर NEET परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की और यह गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की। बृहस्पतिवार को इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें स्पर्श माहेश्वरी एवं उनके पिता का समस्त विद्यालय परिवार एवं उपस्थित अतिथियों के मध्य पुष्पगुच्छ व मिठाइयों से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान वातावरण हर्षोल्लास एवं गर्व से परिपूर्ण रहा।
विद्यालय के सचिव जगदीश त्यागी ने अपने उद्बोधन में कहा कि—“स्पर्श माहेश्वरी की यह सफलता हमारे विद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, विद्यार्थियों की मेहनत एवं अभिभावकों के सहयोग का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे बहसूमा, मेरठ क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। ऐसी उपलब्धियाँ आने वाली पीढ़ियों को उच्च लक्ष्य साधने हेतु प्रेरित करती हैं।” सचिव ने स्पर्श को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए उसके उजले करियर के लिए मंगलकामनाएँ प्रेषित कीं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ज़िया ज़ैदी ने भी स्पर्श माहेश्वरी एवं उनके परिवार को हार्दिक बधाई देते हुए कहा—“स्पर्श की सफलता उसकी निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का परिणाम है।उसने यह सिद्ध किया है कि लगन और समर्पण से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।हम सबको उससे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए।” उन्होंने स्पर्श के उज्ज्वल भविष्य की कामना की एवं अभिभावकों को भी बधाई प्रेषित की।
स्पर्श के कक्षा शिक्षक एवं समस्त शिक्षकों ने भी सफलता पर हर्ष व्यक्त किया और उसे आगे और ऊँचाइयाँ प्राप्त करने हेतु शुभकामनाएँ दीं। शिक्षकों ने कहा कि स्पर्श की उपलब्धि विद्यालय के प्रत्येक विद्यार्थी के लिए प्रेरणास्रोत है। ईश्वर से प्रार्थना है कि स्पर्श माहेश्वरी का भविष्य उज्ज्वल रहे, वह निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे।तथा अपने माता-पिता, नगर एवं समाज का नाम इसी प्रकार गर्व से ऊँचा करता रहे।
No comments:
Post a Comment