Breaking

Your Ads Here

Thursday, October 16, 2025

बी.बी.ए. (हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन) के छात्रों का शैक्षणिक भ्रमण


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के इंस्टिट्यूट ऑफ बिज़नेस स्टडीज़ विभाग के बी.बी.ए. (एच.ए.) तृतीय सेमेस्टर के छात्र-छात्राएँ एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पर श्री स्वामी भूमानंद हॉस्पिटल हरिद्वार एवं महर्षि पतंजलि अंतरराष्ट्रीय योग पीठ, पुरकाजी (मुज़फ्फरनगर) गए। 

इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र के वास्तविक प्रबंधन, संचालन एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जानकारी प्रदान करना था। भ्रमण दल को विभाग के निदेशक प्रो. अतवीर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि व्यावहारिक अनुभव से ही वास्तविक समझ विकसित होती है। हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन जैसे पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए यह आवश्यक है कि वे वास्तविक कार्य प्रणाली, प्रशासनिक चुनौतियों और मानवीय सेवा के मूल्यों को नज़दीक से समझें। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण न केवल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और निर्णय क्षमता बढ़ाते हैं, बल्कि उन्हें अपने करियर की दिशा स्पष्ट करने में भी मदद करते हैं। आने वाले समय में स्वास्थ्य क्षेत्र में योग्य प्रबंधकों की आवश्यकता तेजी से बढ़ेगी, और हमारे विद्यार्थी इस क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने में सक्षम होंगे। 

इस भ्रमण में कोर्स समन्वयक डॉ. प्रिया सिंह, विभाग के अध्यापक डॉ. नेहा गर्ग एवं डॉ. संजय सिंह, साथ ही कार्यालय सहायक शिवम त्यागी भी विद्यार्थियों के साथ सम्मिलित रहे।विद्यार्थियों ने मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा संस्थान दोनों का भ्रमण कर वहाँ की प्रशासनिक संरचना, रोगी सेवा प्रणाली, प्रबंधन मॉडल और संचालन संबंधी चुनौतियों के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। 

हॉस्पिटल के वरिष्ठ अधिकारियों एवं चिकित्सकों ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें स्वास्थ्य प्रबंधन क्षेत्र में करियर की संभावनाओं और आवश्यक कौशलों पर भी मार्गदर्शन दिया। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, व्यवहारिक ज्ञान और व्यावसायिक दृष्टिकोण को सुदृढ़ करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here