नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के रानी लक्ष्मीबाई गर्ल्स हॉस्टल में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत गरबा ईव का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और पारंपरिक नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण और भारतीय परंपराओं का जीवंत प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला उपस्थित रहीं। उनके साथ चीफ प्रॉक्टर प्रोफेसर बीरपाल सिंह, मुख्य छात्रावास अधीक्षक प्रो. दिनेश कुमार, वार्डन प्रो. बिंदु शर्मा, सहायक वार्डन डॉ. वंदना राणा और डॉ. दिव्या शर्मा भी शामिल हुए। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. अलका तिवारी की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया।
कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने अपने उद्बोधन में कहा कि मिशन शक्ति केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि महिला सशक्तिकरण की एक सतत यात्रा है, जो छात्राओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि आत्मरक्षा और जागरूकता ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है और इसी के माध्यम से वे समाज में अपनी भूमिका प्रभावी ढंग से निभा सकती हैं।
महिला अध्ययन केंद्र की समन्वयक और रानी लक्ष्मी बाई छात्रावास की वार्डन प्रो. बिंदु शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्राओं को न केवल आत्मविश्वास और नेतृत्व की भावना प्रदान करते हैं, बल्कि उन्हें एकजुट होकर अपनी संस्कृति और परंपरा से जुड़ने का अवसर भी देते हैं। उन्होंने कहा कि गरबा जैसे सांस्कृतिक आयोजन छात्राओं में सहयोग, भाईचारे और आनंद की भावना को मजबूत करते हैं।चीफ वार्डन प्रो. दिनेश कुमार ने छात्रावास जीवन को अनुशासन, सुरक्षा और सहयोग का केंद्र बताया तथा छात्राओं से अपील की कि वे अपनी शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहें।
सहायक वार्डन डॉ. वंदना राणा और डॉ. दिव्या शर्मा ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई और छात्राओं को भारतीय संस्कृति से जुड़े रहने और उसे आगे बढ़ाने की प्रेरणा दी।
पूरे आयोजन में छात्राओं का उत्साह देखने लायक था। रंग-बिरंगे परिधानों, पारंपरिक संगीत और गरबा नृत्य ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक सौंदर्य का परिचायक रहा बल्कि छात्राओं के आत्मविश्वास, सुरक्षा और सशक्तिकरण का सशक्त संदेश भी लेकर आया।
No comments:
Post a Comment