Breaking

Your Ads Here

Monday, September 1, 2025

मवाना मार्ग पर गिरे यूकेलिप्टस के पेड़, दो युवकों की मौत


-बाइक सवार और बस यात्री की गई जान गई, एक कार दबी, घंटों मार्ग रहा बंद

अर्जुन देशवाल 
नित्य संदेश, बहसूमा। मेरठ-मवाना मुख्य मार्ग पर बारिश और तेज हवाओं के कारण एक बड़ा हादसा हो गया। रहमापुर गांव के पास, सड़क किनारे खड़े दो विशाल यूकेलिप्टिस के पेड़ गिर गए। हादसे में दो लोगों की जान चली गई। पेड़ गिरने से मार्ग बंद हो गया, तो घंटों अवरुद्ध रहा। मुख्य मार्ग पर वाहनों की दोनों तरफ लंबी-लंबी कतारे लग गई।

घटनाक्रम के अनुसार, हवा के कारण पेड़ गिर गया था, जिससे मार्ग बाधित हो गया। बाइक सवार लाला (38 वर्ष) पुत्र प्रेम सिंह जाटव निवासी अकबरपुर सादात व रास्ता बाधित होने से खड़ी बस से उतरकर सड़क पर पेड़ को देखने गया यात्री सलमान (35 वर्ष) पुत्र जाहिद निवासी नगला साहू थाना निवाड़ी गाजियाबाद के ऊपर पेड़ गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए। डायल 112 ने गंभीर रूप से घायलों को हस्तिनापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया, जहां पर दोनों को चिकित्सकों ने उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया। रास्ता बाधित होने से ही खड़ी कार पूरी तरह पेड़ के नीचे दब गई। हादसे की जानकारी पर राहगीरों व ग्रामीणों की हुई भीड़ ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।

दिल्ली से हस्तिनापुर जा रहा था कार सवार परिवार
कार चालक सचिन जैन पुत्र एमपी जैन निवासी लक्ष्मी नगर दिल्ली ने बताया कि वह परिवार के साथ हरिद्वार से हस्तिनापुर तीर्थ स्थल जा रहे थे। उनके साथ पत्नी अनुषा जैन, पुत्री वंशिका 11 वर्ष, पुत्र वंश 8 वर्ष, आर्यन 3 वर्ष थे। सचिन जैन ने बताया कि वह भी गिरे पेड़ को देखने गए थे। गनीमत रही कि पूरा परिवार सकुशल बच गया।

लंबे समय से खतरा बने हुए थे दोनों पेड़
हादसे के बाद पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया। पेड़ों को हटाने के लिए आरी और जेसीबी की मदद लेनी पड़ी। इस दौरान मार्ग पर दोनों ओर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यूकेलिप्टस के यह पेड़ लंबे समय से खतरा बने हुए थे, समय पर छटाई या कटाई से यह हादसा टाला जा सकता था।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here