Breaking

Your Ads Here

Friday, September 5, 2025

सरधना में चौथी पुलिस चौकी का उद्घाटन, एसएसपी विपिन ताड़ा बोले: कानून-व्यवस्था होगी और मजबूत


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। सरधना थाना क्षेत्र में अब पुलिसिंग और अधिक सुदृढ़ हो गई है। शुक्रवार को एसएसपी विपिन ताड़ा ने चौथी पुलिस चौकी भमोरी का उद्घाटन कर क्षेत्रवासियों को नई सौगात दी। इससे पहले थाना क्षेत्र में तीन चौकियां पहले से ही संचालित हैं। नई चौकी के बन जाने से ग्रामीण इलाकों में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को और अधिक सुविधा मिलेगी।

नई पुलिस चौकी भमोरी गांव में शहीद स्थल के निकट बनाई गई है। उद्घाटन समारोह में एसएसपी के साथ सीओ आशुतोष कुमार, थाना प्रभारी प्रताप सिंह, हल्का दारोगा नादान सिंह समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे। एसएसपी ने बताया कि चौकी निर्माण कार्य में पुलिस विभाग के साथ-साथ मौजूदा ग्राम प्रधान दिनेशपाल और ग्रामीणों का भी अहम योगदान रहा है।
भमोरी पुलिस चौकी को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित किया गया है। यहां सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि चौकी क्षेत्र में हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। साथ ही पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती भी कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि यह चौकी न केवल अपराधियों पर नकेल कसने में मदद करेगी, बल्कि ग्रामीणों की सुरक्षा और भरोसे को भी मजबूत बनाएगी।

थाना सरधना क्षेत्र में इससे पूर्व तीन चौकियां बनाई गई थीं। ये चौकियां गंगनहर कांवड़ मार्ग पर स्थित हैं, दौराला रोड चौकी,नानू चौकी,अटेरना पुल चौकी। इन चौकियों ने ट्रैफिक कंट्रोल, कांवड़ यात्रा, धार्मिक आयोजनों और आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस को काफी मदद पहुंचाई है।
नई चौकी बनने से स्थानीय ग्रामीणों में खुशी की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि अब छोटी-बड़ी घटनाओं में उन्हें थाना मुख्यालय तक नहीं जाना पड़ेगा, चौकी पर ही उनकी समस्याओं का समाधान हो सकेगा। इससे न सिर्फ पुलिस की पहुंच आमजन तक बढ़ेगी, बल्कि अपराधियों के हौसले भी पस्त होंगे।

उद्घाटन के दौरान एसएसपी विपिन ताड़ा ने कहा कि पुलिसिंग को और मजबूत बनाने के लिए चौकियों की स्थापना जरूरी थी। भमोरी चौकी का उद्देश्य गांव और आसपास के क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा बनाए रखना है। उन्होंने चौकी निर्माण में सहयोग देने वाले सभी ग्रामीणों का धन्यवाद भी किया। इस अवसर पर सोनू सोम, अजय सोम, जिला पंचायत सदस्य सुनील कुमार, एडवोकेट जगपाल सिंह, आदि लोग मुख्य रूप से शामिल रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here