-14 साल पहले हुई थी शादी, 15 सितंबर से लापता थी मृतका
नित्य संदेश ब्यूरो
मुंडाली। थाना क्षेत्र के गांव अजराड़ा निवासी भूरे की बेटी गुलशन परवीन (35 वर्ष) का शव शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में हापुड़ जनपद के सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव वैट स्थित एक कुएं से बरामद हुआ। शव बोरे में बंद मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
गांव अजराड़ा निवासी गुलशन परवीन की शादी लगभग 14 वर्ष पूर्व हापुड़ जिले के गांव वैट निवासी आज़ाद से हुई थी। मृतका के चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, गुलशन परवीन बीते 15 सितंबर से लापता थीं। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। 17 सितंबर को पति ने सिंभावली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों को कुएं से दुर्गंध आने पर शक हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तलाशी कराई तो बोरे में बंद महिला का शव बरामद हुआ। शव की पहचान गुलशन परवीन के रूप में की गई। महिला की मौत की खबर मिलती है अजराड़ा के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की मांग करते हुए इंसाफ की गुहार लगाई, हालांकि इस मामले में थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपीयों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतका के भाई ने पति सहित अन्य लोगों के खिलाफ थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल, मामले की गंभीरता से जांच जारी है।
No comments:
Post a Comment