नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा होर्डिंग, बैनर व अन्य दस्तावेजों से जाति सूचक शब्दों को हटाए जाने का आदेश जारी किया गया, उसका राजपूत समाज के लोगों ने समर्थन करते हुए स्वागत किया। कंकरखेड़ा में बुधवार को आयोजित बैठक के दौरान मीडिया को जानकारी देते हुए सीएम के इस कदम की सराहना की गई।
बुधवार को कंकरखेड़ा क्षेत्र में राजपूत समाज के लोगों की एक मीटिंग आयोजित हुई, जिसमें समाज के लोगों ने प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ के उस फैसले का स्वागत किया, जिसमें जाति सूचक शब्दों को हटाए जाने का आदेश जारी किया गया। इस दौरान राजपूत समाज की तरफ से विजय राघव ने कहा कि पूर्व के समय में कोई भी राजा होते थे, वर्तमान समय में मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री आदि जनप्रतिनिधि के रूप में होते हैं, वह एक समाज के नहीं होते, वह सर्व समाज के होते हैं, प्रदेश सरकार में शामिल ऊर्जा राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर भी सर्व समाज के जन प्रतिनिधि होने का दायित्व संभाल रहे हैं, उन्हें इस तरह के होर्डिंग नहीं लगवाने चाहिए थे, जिसको लेकर कहीं न कहीं हिंदू समाज जो कि शांति प्रिय समाज है, उसमें जाति को लेकर टकराव बन गया था।
राहुल मुल्हैडा ने भी अपने विचार रखे, उन्होंने कहा कि राजपूत समाज ने हमेशा ही देश हित के लिए प्राण तक न्यौछावर किए, इस मामले में भी संयम बरता। सीएम योगी द्वारा सही समय पर लिया गया सही निर्णय कहा जाएगा, क्योंकि होर्डिंग पर जाति सूचक शब्दों को लेकर काफी समय से कुछ समाज के लोगों के बीच टकराव बढता जा रहा था। इस दौरान उत्तम राणा, देवराज सिंह सोम, राजेंद्र चौहान, पंकज राणा, आनंद सिंह, चंद्रपाल आदि ने विचार रखे।
No comments:
Post a Comment