नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शिक्षा मंत्रालय के नवाचार प्रकोष्ठ और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) द्वारा अखिल भारतीय स्तर पर छात्रों को नए और क्रियात्मक समाधानों पर काम करने का अवसर प्रदान करने हेतु स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन का आयोजन प्रस्तावित है।
इसी क्रम में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर स्थित सर छोटूराम इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में माननीय कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के मार्गदर्शन में तीन दिवसीय आंतरिक हैकाथॉन का आयोजन किया जा रहा है। संस्थान के निदेशक प्रो. नीरेज सिंघल एवं डॉ. के.पी. सिंह ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
प्रो. नीरेज सिंघल ने कहा कि “स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि नवाचार और टीम वर्क की यात्रा है। सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ कि वे अपने विचारों को प्रभावी समाधान में बदलें और अपने प्रोजेक्ट्स को समाज के लिए उपयोगी दिशा दें।”
यह हैकाथॉन तीन दिनों तक आयोजित होगा। पहले दिन कुल 36 टीमों के 216 छात्रों में से 31 टीमों (186 छात्र) ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रतिभागी टीमों ने सामाजिक एवं तकनीकी समस्याओं के समाधान हेतु अपने अभिनव विचार प्रस्तुत किए। आगामी दो दिनों तक टीमें अपने प्रोजेक्ट्स पर कार्य करेंगी और 19 सितम्बर को निर्णायक मंडल के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करेंगी।
कार्यक्रम की SPOC एवं सह-संयोजक डॉ. निधि चौहान ने सभी प्रतिभागियों से अनुरोध किया कि वे इस हैकाथॉन के माध्यम से अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का परिचय देते हुए समाज की वास्तविक चुनौतियों का समाधान प्रस्तुत करें।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. शोभित सक्सेना तथा आयोजन सचिव (Organising Secretary) इंजीनियर आशुतोष मिश्रा हैं। वहीं छात्र समन्वयक के रूप में प्रताप कुमार एवं दामिनी सक्रिय रूप से संचालन कर रहे हैं।
No comments:
Post a Comment