Breaking

Your Ads Here

Wednesday, August 27, 2025

दस करोड़ की जीएसटी चोरी में पकड़ी गई चीनी महिला, हंगामा



-यूपी एटीएस ने नोएडा से किया अरेस्ट, स्पेशल सीजेएम कोर्ट में किया पेश

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। 10 करोड़ की जीएसटी चोरी मामले में बुधवार को एक चीनी महिला और कंपनी के डायरेक्टर को मेरठ कोर्ट में पेश किया गया। दोनों को मंगलवार रात ही इंटेलिजेंस टीम ने नोएडा से अरेस्ट किया था। यहां थाने में एफआईआर कराई। फिर रात में ही मेरठ की स्पेशल सीजेएम कोर्ट के लिए लेकर टीम रवाना हुई।

कोर्ट पहुंची तो मीडिया से बचने के लिए वह खुद का चेहरा छिपाती रही। उसने काफी बवाल और हंगामा कर दिया। पुलिस कर्मियों के साथ भी बदतमीजी की। कुछ लोगों को धक्का दे दिया। अरेस्ट महिला एलिस ली उर्फ ली तेंगली टीवी स्क्रीन मैन्युफैक्चरिंग कंपनी में सिक्योरिटी कैशियर है। दूसरा कंपनी का मैनेजिंग डायरेक्टर विनय कुमार है। दोनों को जेल भेज दिया गया। अगली सुनवाई सोमवार को होगी। आरोप है कि इन दोनों ने गलत कैटेगरी में जीएसटी देकर 10 करोड़ से ज्यादा का टैक्स बचाया है। चार साल पहले फर्जी तरीके से 5 करोड़ रुपए के लेन-देन को लेकर इस महिला को एटीएस ने पकड़ा था। बुधवार को पेश की गई महिला कोर्ट में शोर मचाने लगी। अंग्रेजी में कहती रही- मुझे छोड़ो... चीनी होने के कारण गलत फंसाया गया है। पुलिस कर्मियों ने उसे रोका, तो कहा- खामोश। महिला लगातार चीनी और अंग्रेजी भाषा में डांटती रही। मेरठ की स्पेशल सीजेएम दुर्गेश नंदिनी की कोर्ट में केस सुना गया। चीनी महिला 2019 में चीन से नोएडा में बिजनेस वीजा पर आई थी।

नोएडा में है टीवी स्क्रीन मैनुफैक्चरिंग कंपनी
विशेष अभियोजन अधिकारी लक्ष्य सिंह ने बताया, नोएडा में टेंटेक लेड डिस्प्ले नाम की टीवी स्क्रीन मैनुफैक्चरिंग कंपनी है, जो विजुअल डिस्प्ले यूनिट बनाती है। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर विनय कुमार और चीनी महिला एलिस ली उर्फ ली तेंगली सिक्योरिटी कैशियर है। इन्होंने 2019 से लगातार जीएसटी की चोरी की। 28% जीएसटी को फर्जी दस्तावेज दिखाकर केवल 18% का भुगतान किया जा रहा था। 10% की टैक्स चोरी की। इंटेलिजेंस की टीम ने ये चोरी पकड़ी थी। इसके बाद नोएडा में मुकदमा दर्ज हुआ।

2019 से अब तक की गई टैक्स चोरी
इस कंपनी ने 2019 से अब तक लगभग 10 करोड़ की टैक्स चोरी की है। इस कंपनी टेंटेट में 51% का शेयर भारतीय व्यक्ति विनय का है, उसे भी अरेस्ट किया है। इसके बाद 49% का शेयर दो चाइनीज डायरेक्टर हू ली और टैंग काई का है। ये कंपनी नोएडा के बैंगमेंस पार्क में है।

सितंबर 2020 में हो गया था वीजा समाप्त
सितंबर 2021 में भी इस चीनी महिला एलिस ली उर्फ ली तेंगली को यूपी एटीएस ने पकड़ा था। जाली दस्तावेजों के जरिए सिम कार्ड खरीदने और फिर उन सिम कार्डों के जरिए बैंकों से धोखाधड़ी कर लेन-देन करने का आरोप था। फर्जी तरीके से 5 करोड़ रुपए का लेन-देन किया गया। महिला का सितंबर 2020 में वीजा समाप्त हो गया था।

सोर्स: भास्कर डिजीटल 

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here