शाहिद खान
नित्य संदेश, जौनपुर। अफेयर में 22 साल के डी फार्मा छात्र की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। वारदात को लड़की के 45 साल के पिता ने अंजाम दिया। आरोपी ने छात्र का घर से 10 किमी तक पीछा किया। फिर सुनसान जगह पर ओवरटेक करके उसकी बाइक रोक ली। छात्र जब तक कुछ समझ पाता, इससे पहले लड़की के पिता ने उसके गले में ताबड़तोड़ 4 बार चाकू मारे। छात्र खून से लथपथ होकर वहीं गिर गया। इसके बाद आरोपी बाइक लेकर भाग निकला। वारदात जिला मुख्यालय से 20 किमी दूर समाधगंज कुरनी पंचायत भवन के सामने बुधवार सुबह की है।
ASP ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक छात्र का नाम अनुज यादव, आरोपी का नाम मनोज यादव है। दोनों पड़ोसी हैं। बेटी से अफेयर होने के चलते पिता ने छात्र की हत्या को अंजाम दिया है। ASP ने बताया, अनुज यादव पुत्र भोला यादव थाना मछलीशहर के जमालपुर गांव में रहता था। वह प्रसाद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नॉलॉजी कॉलेज से डी फार्मा सेकेंड ईयर का छात्र था। उसका बुधवार सुबह 8 बजे से एग्जाम था। कॉलेज से घर की दूरी करीब 35 किमी है। इसलिए वह सुबह 5.45 बजे घर से बाइक लेकर कॉलेज के लिए निकला था।अनुज के ही पड़ोसी मनोज यादव ने उसका घर से ही पीछा करना शुरू कर दिया। 10 किमी दूर सुनसान जगह पर मनोज ने ओवरटेक करते हुए अपनी बाइक अनुज की बाइक के आगे लगा दी। मनोज को देखकर अनुज घबरा गया। उसने अपनी बाइक खड़ी कर दी और भागने लगा। गुस्से में मनोज ने भी करीब 100 मीटर तक उसका पीछा किया। फिर अनुज पर चाकू से हमला कर दिया।
छाती पर चढ़कर गला रेता
मनोज ने सबसे पहले अनुज के गले के नीचे चाकू मारा। इससे अनुज खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद मनोज उसकी छाती पर चढ़कर बैठ गया। चाकू से और 3 बार वार करते हुए उसके गले को रेत दिया। अनुज की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। घटनास्थल से गुजर रहे राहगीरों में से किसी ने पुलिस को फोन कर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीण अनुज को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अनुज को बेटी से दूर रहने के लिए चेताया था
ASP ने बताया कि अनुज के परिजनों ने संदेह पर पुलिस टीम आरोपी मनोज के घर पहुंचीं। तब तक मनोज परिवार समेत मौके से फरार हो चुका था। घर के बाहर उसकी बाइक मिली, जिसका साइलेंसर गर्म था। यानी कुछ देर पहले ही मनोज फरार हुआ था। ASP ने बताया कि अनुज और मनोज दोनों रिश्तेदार हैं। मनोज यादव की 5 बेटियां हैं। इनमें से 2 प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं। इन्हीं में से एक से अनुज का कई साल से प्रेम प्रसंग था। परिवार को इसकी भनक लग गई थी। मनोज ने कई बार अनुज को बेटी से दूर रहने के लिए चेताया था। पुलिस ने आरोपी मनोज की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया है।
गांव में तनाव, कई थानों की फोर्स लगी
अनुज के पिता भोला खेती करते हैं। बड़ा भाई अरुण यादव मुंबई में नौकरी करता है। उसकी तीन बहनें हैं और सभी की शादी हो चुकी है। छात्र की हत्या के बाद से गांव में तनाव है। कई थानों की फोर्स लगा दी गई है।
No comments:
Post a Comment