नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ: चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) में प्रशासन ने अब तक का सबसे बड़ा फेरबदल करते हुए सैकड़ों कर्मचारियों के पटल स्थानांतरित कर दिए हैं। यह कार्रवाई छात्र नेता विनीत चपराना द्वारा दायर RTI के बाद की गई, जिसमें खुलासा हुआ था कि विश्वविद्यालय के कई कर्मचारी पिछले 10 से 20 वर्षों से एक ही पटल पर कार्यरत थे।
क्या है पूरा मामला
छात्र नेता विनीत चपराना ने RTI के माध्यम से जानकारी मांगी थी, जिससे पता चला कि विश्वविद्यालय में वर्षों से कुछ कर्मचारी एक ही पद पर मठाधीश बने बैठे थे। इसकी वजह से छात्रों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, और भ्रष्टाचार चरम पर था। इसके बाद, विनीत चपराना ने राजभवन में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद राजभवन ने सख्त निर्देश जारी किए और विश्वविद्यालय प्रशासन को तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए। अब प्रशासन ने बड़े स्तर पर फेरबदल करते हुए सैकड़ों कर्मचारियों के पटल बदल दिए हैं।
छात्रों को कैसे होगा फायदा?
छात्रों से अवैध वसूली पर लगेगा अंकुश, विश्वविद्यालय में भ्रष्टाचार पर रोकथाम लगेगी, प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और तेजी आएगी, छात्रों की समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा.
छात्र नेता विनीत चपराना का बयान
"हमारी लड़ाई भ्रष्टाचार और मठाधीश बने कर्मचारियों के खिलाफ थी। वर्षों से एक ही पद पर जमे कर्मचारियों ने छात्रों का शोषण किया और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया। अब इस बदलाव से छात्रों को राहत मिलेगी और पारदर्शिता बढ़ेगी। हम आगे भी छात्रों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।"
भविष्य में और हो सकते हैं बदलाव!
सूत्रों के अनुसार, विश्वविद्यालय प्रशासन अगले सप्ताह और भी कर्मचारियों के तबादले कर सकता है, ताकि पूरे सिस्टम को पारदर्शी बनाया जा सके।
No comments:
Post a Comment