शाहिद खान
नित्य संदेश, मेरठ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का सीने पर टैटू बनवाने पर पूर्व प्रदेश सचिव की पिटाई कर दी गई। आरोप है- पिटाई करने वाले ने धमकी भी दी है। कहा- 'अगर टैटू नहीं हटाया तो तेरा इलाज कर देंगे।'
पीड़ित ने इसकी शिकायत
पुलिस से की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे आहत सपा नेता शुक्रवार को गले में
मटकी और कमर के पीछे झाड़ू बांधकर कलक्ट्रेट पहुंचे। जहां उन्होंने प्रदर्शन किया।
आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। मजिस्ट्रेट को लेटर दिया है। मामला ब्रह्मपुरी थाना
क्षेत्र का है। सपा नेता ने कहा- दलितों से इतनी ही दिक्कत है तो मुसलमानों की तरह
दलितों का भी अलग से देश बना दें। मगर हवा-पानी कैसे बदलोगे। इस देश की आजादी में सभी
का योगदान है, सभी ने आजादी में बलिदान दिया है। विनोद जाटव सपा के पूर्व प्रदेश सचिव
रहे हैं। उन्होंने बताया- 8 माह पहले मैंने सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का टैटू
सीने पर बनवाया था। गुरुवार शाम ब्रह्मपुरी में था। अपने दोस्त को टैटू के बारे में
बता रहा था। इसी बीच वहां एक युवक आ गया। उसने टैटू को लेकर मुझसे विवाद करना शुरू
कर दिया। धमकी दी- यह टैटू हट जाए, नहीं तो तेरा इलाज कर देंगे। मैंने जब विरोध किया
तो उसने अपने 8-10 साथियों को बुला लिया। आरोपियों ने मेरे साथ लात-घूसों से मारपीट
की। फिर मौके से फरार हो गए। मैं रात करीब 9:30 बजे चौकी गया। मगर वहां पर कोई नहीं
मिला। चौकी के सिपाहियों ने बताया कि दरोगा गश्त पर गए हैं। मैं वहां तहरीर देकर वापस
आ गया। इसके बाद भी आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।
गले में मटकी और कमर में
झाड़ू बांधकर कलक्ट्रेट पहुंचे
शुक्रवार को विनोद शर्ट
उतारकर कलक्ट्रेट पहुंचे। उनके गले में मटकी और कमर में झाड़ू बंधी थी। उन्होंने आरोपियों
पर कार्रवाई को लेकर धरना प्रदर्शन किया। फिर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिया। विनोद ने
कहा- अखिलेश यादव मेरे दिल में बसते हैं। इसलिए टैटू बनवाया है। प्रदेश में जब से भाजपा
सरकार आई है। तब से दलितों पर अत्याचार बढ़ा है। दलित पानी नहीं पी सकता, मूंछ रखने
का अधिकार नहीं है, दलितों को मंदिर जाने का अधिकार नहीं है। दलित दूल्हा घोड़े पर
नहीं चढ़ सकता। हमारी बहन-बेटियों की बारात नहीं चढ़ने दी जा रही।
ये कहना है एसपी सिटी का
एसपी सिटी आयुष विक्रम
सिंह का कहना है कि मारपीट के संबंध में तहरीर मिली है। मामले की जांच कराकर निष्पक्ष
कार्रवाई की जाएगी।
No comments:
Post a Comment