Breaking

Your Ads Here

Wednesday, October 16, 2024

स्पंदन में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर

अनम शेरवानी 
नित्य संदेश, मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में बुधवार को स्पंदन 2024 वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव के अंतर्गत विभिन्न रचनात्मक और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें छात्रों ने अपनी प्रतिभा और कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन किया। 

नृत्य प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत किया। इन आयोजनों ने विश्वविद्यालय की कला और संस्कृति के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए विद्यार्थियों के बीच रचनात्मकता को प्रोत्साहित किया। रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन विश्वविद्यालय सांस्कृतिक समिति के संयोजन में किया गया, जिसमें डॉ. भावना ग्रोवर की उपस्थिति रही और कार्यक्रम का संचालन डॉ. मन्जु अधिकारी एवं रेशू रानी द्वारा किया गया। निर्णायक मंडल में निधि जैन और अनुराधा त्यागी थीं, जिनका स्वागत पौधा भेंट कर किया गया। प्रतियोगिता में 19 समूहों ने हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मकता से पर्यावरण संरक्षण की थीम को उकेरा। निर्णायकों ने रंग संयोजन, रचनात्मकता और विषय की प्रासंगिकता के आधार पर परिणाम घोषित किए, जिसमें बिपाशा खत्री और वंदना पटेल (महर्षि अरबिंदो सुभारती कॉलेज ऑफ नेचुरोपैथी एंड योगिक साइंसेज) को प्रथम स्थान, ज्योति चौधरी और अंशु प्रिया (ज्योतिराव फुले सुभारती कॉलेज ऑफ फिजियोथेरेपी) को द्वितीय स्थान, और पूजा कुमारी व पूनम सिंह (पुस्तकालय और सूचना विज्ञान स्नातक) को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। 

सोलो डांस प्रतियोगिता का आयोजन महारानी लक्ष्मी बाई प्रेक्षागृह में हुआ, जिसमें डॉ. ज्योति मधुर और डॉ. अभिजीत (नेचुरोपैथी और योग कॉलेज) ने कार्यक्रम का नेतृत्व किया। इस अवसर पर निर्णायकों के रूप में डॉ. प्रिया दत्ता, श्रीमती कृपा शर्मा, कथक गुरु रुचि बलूनी और श्री गौरव शाह मौजूद थे। इस प्रतियोगिता में इतिशा शर्मा (बी.एड.) ने प्रथम स्थान, धानी (बी.एड.) ने द्वितीय स्थान और साक्षी (बी.पी.टी.) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ग्रुप डांस प्रतियोगिता देशभक्ति और लोकगीत पर आधारित रही, जिसमें विभिन्न संकायों के छात्रों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता के संयोजक मिस सोनल जैन और मिस शालिनी गोयल थे। निर्णायक मंडल में डॉ. प्रिया दत्ता, श्रीमती कृपा शर्मा, कथक गुरु रुचि बलूनी और गौरव शाह शामिल थे। 

इस प्रतियोगिता में सुभारती कॉलेज ऑफ फिजियोथेरेपी को प्रथम स्थान, सुभारती कॉलेज ऑफ जर्नलिज्म को द्वितीय स्थान और सुभारती कॉलेज ऑफ साइंस को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इन आयोजनों ने छात्रों को अपनी कला और संस्कृति की अभिव्यक्ति का एक अनूठा मंच प्रदान किया, जिससे विश्वविद्यालय का सांस्कृतिक वातावरण और अधिक सजीव हो गया।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here