नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के पंडित दीनदयाल उपाध्याय छात्रावास में आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत विद्यार्थियों द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और मिठाइयाँ बांटकर पर्व की खुशी को साझा किया।
आगामी दीपावली के त्योहार को दृष्टिगत रखते हुए छात्रावास के विद्यार्थियों ने सफाई कर्मियों तथा मैस कर्मियों को सम्मानित करते हुए उन्हें अंगवस्त्र और कपड़े भेंट किए। इसके साथ ही, विद्यार्थियों ने उन्हें मिठाइयाँ भी वितरित कीं। यह पहल छात्रों की सामाजिक जिम्मेदारी और सहयोग की भावना का प्रतीक रही।
इस अवसर पर मुख्य छात्रावास अधीक्षक प्रोफेसर दिनेश कुमार ने दीपावली पर्व की महत्वता पर प्रकाश डालते हुए इसे भाईचारे और समरसता का पर्व बताया। उन्होंने कहा, "दीपावली न केवल रौशनी का, बल्कि आपसी सद्भाव और मिल-जुलकर आगे बढ़ने का भी प्रतीक है।" साथ ही, उन्होंने छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और उनके इस सामाजिक योगदान की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान छात्रावास के वार्डन डॉ. सीपी सिंह और असिस्टेंट वार्डन इंजीनियर विजय कुमार राम एवं विजय सिंह उपस्थित रहे।
डॉ. सीपी सिंह ने दीपावली के संदेश को दोहराते हुए कहा, "दीपावली का पर्व हमें यह सिखाता है कि हम अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएं और समाज में योगदान दें।" इंजीनियर विजय कुमार राम ने भी छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा, "इस पर्व को हमें स्वच्छता और पर्यावरण की सुरक्षा के साथ मनाना चाहिए।" कार्यक्रम का समापन मिठाइयों के वितरण और छात्रों के बीच आपसी संवाद के साथ हुआ।
No comments:
Post a Comment