Breaking

Your Ads Here

Friday, September 20, 2024

जयंत चौधरी ने छपरौली में किया स्किल इंडिया सेंटर का उद्घाटन

 


-पुलिस, सेना और अर्द्धसैनिक बलों को विशेष प्रशिक्षण देगा यह सेंटर

नित्य संदेश ब्यूरो

बागपत, बड़ौत। कौशल विकास, उद्यमशीलता और शिक्षा मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) जयंत चौधरी ने यहां छपरौली में स्किल इंडिया सेंटर का उद्घाटन किया। यह सेंटर उम्मीदवारों को भारतीय पुलिस बल, भारतीय सेना और देश के अर्द्धसैनिक बलों में करियर की तैयारी के लिए विशेष प्रशिक्षण प्रदान करेगा। मंत्री जयंत चौधरी ने कौशल रथको भी हरी झंडी दिखाई, यह बस महत्वाकांक्षी उम्मीदवारों को कौशल प्रशिक्षण एवं सर्टिफिकेशन देती है। राष्ट्रीय कौशल विकास निगम द्वारा कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के तत्वावधान में इस पहल का उद्देश्य सुलभ एवं व्यवहारिक कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर विकास एवं इनोवेशन को बढ़ावा देना है।

उद्घाटन समारोह के दौरान जयंत चौधरी ने भारतीय युवाओं को चुनौतीपूर्ण पेशों जैसे सुरक्षा बलों में सफलता हासिल करने के लिए ज़रूरी कौशल प्रदान करने की आवश्यकता पर ज़ोर दिया। उन्होनें कहा, आज छपरौली में स्किल इंडिया सेंटर का उद्घाटन भारतीय युवाओं को देश के सुरक्षा बलों के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह सेंटर युवाओं को पुलिस, सेना और अर्द्धसैनिक बलों में भर्ती की तैयारी के लिए ज़रूरी प्रशिक्षण देगा। इस तरह यह उत्तर प्रदेश के महत्वाकांक्षी युवाओं की आवश्यकताओं को पूरा करेगा, जो सुरक्षा बलों में भर्ती होकर देश की सेवा करना चाहते हैं। कौशल रथभी अपनी पहुंच बढ़ाते हुए उन युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है, जिन्हें इसकी सबसे ज़्यादा ज़रूरत है। कल हम वर्धा में 50 स्किल सेंटरों को डिजिटली कनेक्ट करते हुए प्रधानमंत्री के साथ पीएम विश्वकर्मा की पहली सालगिरह का जश्न मनाने जा रहे हैं। इस अवसर पर मैं हमारे कारीगरों को इस बदलावकारी पहल में हिस्सा लेने, अपने आपको अपस्किल करने, नए टूल्स के बारे में सीखने तथा अपनी आजीविका में सुधार लाने के लिए लोन के फायदे उठाने के लिए आमंत्रित करता हूं। हम प्रतिभा को बढ़ावा देकर देश के विकास को गति प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।





श्री चौधरी ने भारत सरकार की आयुष्मान भारत योजना की सराहना की, जो स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में बदलाव लेकर आई है। साथ ही बुजु़र्गों से आग्रह किया कि वे इस योजना का लाभ उठाएं। उन्हों अनुसंधान एवं विकास में देश की क्षमता  बढ़ाने के लिए हाल ही में सरकार द्वारा अनुसंधान नेशनल रीसर्च फाउन्डेशन के संचालन के फैसले का भी स्वागत किया। स्किल इंडिया सेंटर के प्रशिक्षण प्रोग्राम शारीरिक फिटनैस, हथियार संचालन, सामरिक संचालन तथा कानूनी एवं नैतिक विचारों सहित विभिन्न पहलुओं को कवर करते है। इनका पाठ्यक्रम उद्योग जगत के विशेषज्ञों के सहयोग से डिज़ाइन किया गया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उम्मीदवार इन पेशों की ज़रूरतों के अनुसार तैयार हों।



इस अवसर पर चौधरी चरण सिंह डिग्री कॉलेज में सेंटर फॉर फ्यूचर स्किल्स का लॉन्च भी किया गया। यह युनिट मीडिया एवं आईटी-आईटीईएस में कोर्सेज़ पेश करेगी तथा उम्मीदवारों को बदलते जॉब मार्केट के अनुसार ज़रूरी कौशल प्रदान करेगी। छपरौली में स्किल इंडिया सेंटर का उद्घाटन देश भर में कौशल विकास केन्द्रों का नेटवर्क स्थापित करने के सरकार के प्रयासों का एक भाग है। इसी साल पहले स्किल इंडिया सेंटर का उद्घाटन उड़ीसा के संबलपुर में किया गया था, जो मीडिया, एंटरटेनमेन्ट, लैदर, पर्यटन, आतिथ्य और आईटी-आईटीईएस जैसे सेक्टरों में प्रशिक्षण प्रदान करता है।

छपरौली सेंटर में आधुनिक तकनीकें, बुनियादी सुविधाएं और सभी आधुनिक सुविधाएं होंगी, जो उम्मीदवारों को लर्निंग का अनुकूल माहौल प्रदान करेंगी। राष्ट्रीय कौशल विकास निगम प्रशिक्षण प्रोग्रामों के संचालन की देखरेख करेगा और गुणवत्ता के मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करेगा। छपरौली में स्किल इंडिया सेंटर बागपत और आस-पास के युवाओं को ज़रूरी कौशल के साथ सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, ताकि वे भारतीय सुरक्षा बलों में सफल करियर बना सकें। यह सेंटर रोज़गार के अवसर उत्पन्न कर तथा सामाजिक-आर्थिक प्रगति को बढ़ावा देकर क्षेत्र के विकास को गति प्रदान करेगा।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here