किशोरी का अस्पताल में चल रहा इलाज, थाना लोहियानगर में हुई घटना
शाहिद खान
नित्य संदेश, मेरठ। दुष्कर्म के आरोपी से पुलिस की रविवार को मुठभेड़ हो गई। आरोपी तालिब के पैर में गोली लगी है, जिसको घायल अवस्था में पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी ने 12 घंटे पहले नाबालिग से दुष्कर्म किया था। अस्पताल में भर्ती किशोरी का इलाज चल रहा है। आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस, बाइक बरामद हुई है। मुठभेड़ थाना लोहिया नगर क्षेत्र में हुई है।
गौरतलब है कि थाना लोहिया नगर में शनिवार को किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी। जिसका मुकदमा धारा 137(2), 65(1), 238 BNS व 3/4(2) पाक्सो अधिनियम के तहत पंजीकृत किया गया था। जिसमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी हुई थी। रविवार को थाना लोहियानगर पुलिस जुर्रानपुर फाटक के पास चेकिंग कर रही थी। मुखबिर ने सूचना दी कि दुष्कर्म की घटना में वांछित आरोपी ततीना की तरफ से आने वाला है, इस सूचना पर पुलिस टीम द्वारा ततीना जाने वाले रास्ते पर चेकिंग करने लगी। चेकिंग के दौरान स्पलैण्डर बाइक सवार युवक को रोकने का प्रयास किया गया। बाइक सवार व्यक्ति रूका नहीं और खेतों की तरफ भागने लगा। उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा जवाबी फायरिंग में आरोपी तालिब पुत्र कासिम निवासी जमनानगर थाना लोहियानगर पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया।

No comments:
Post a Comment