Breaking

Your Ads Here

Thursday, October 1, 2026

जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ, विशाल जागरूकता रैली से दिया स्वच्छता व स्वास्थ्य का संदेश


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम और आमजन को स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आज विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का विधिवत शुभारंभ हुआ। कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम से आयोजित विशाल जनजागरूकता रैली का उद्घाटन जिलाधिकारी डा0 वी0के0 सिंह द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।


रैली का कुशल संचालन जिला मलेरिया अधिकारी, मेरठ द्वारा किया गया। उन्होंने संचारी रोगों से बचाव के उपायों, अभियान की रूपरेखा और जनसहभागिता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। यह जागरूकता रैली कैलाश प्रकाश स्टेडियम से प्रारंभ होकर साकेत पेट्रोल पंप मार्ग से होते हुए सीएमओ कार्यालय पर संपन्न हुई। रैली के पूरे मार्ग पर आम नागरिकों को डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया तथा जलजनित बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया एवं स्वास्थ्य सावधानियों से संबंधित पम्फलेट्स वितरित किए गए।


जन-जागरूकता को गति देने के लिए रैली में नगर निगम के विभिन्न फॉगिंग वाहन एवं आधुनिक सफाई गाड़ियां भी शामिल रहीं, जिन्होंने पूरे मार्ग पर स्वच्छता व कीटनाशक छिड़काव का संदेश दिया। रैली के सुचारू संचालन और सुरक्षा के दृष्टिगत यातायात पुलिस भी मुस्तैदी से तैनात रही, जिसने रूट पर यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखा। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम मेरठ तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ एन.ए.एस. इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लेकर जन-जन तक स्वच्छता का संदेश पहुँचाया।


सीएमओ कार्यालय पर समापन के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने घरों एवं आसपास पानी एकत्र न होने दें, पूरी बांह के कपड़े पहनें और स्वच्छता अपनाकर जनपद को संचारी रोगों से मुक्त बनाने में सहयोग करें।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here