Breaking

Your Ads Here

Tuesday, October 6, 2026

रक्त की हर बूंद किसी की बचाती है जीवन



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। बागपत रोड स्थित विद्या यूनिवर्सिटी में मंगलवार को फामेर्सी विभाग, एनएसएस एवं मेट्रो हॉस्पिटल, संजीवनी ब्लड बैंक के संयुक्त तत्वावधान में चिकित्सा एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।


मंगलवार को विद्या यूनिवर्सिटी के फार्मेसी विभाग एवं एनएसएस के संयुक्त तत्वावधान में मेट्रो हॉस्पिटल एवं संजीवनी ब्लड बैंक की ओर से चिकित्सा एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें रक्तदान के अलावा नेत्र परीक्षण, बीपी, शुगर टेस्ट, ईसीजी, बीएमआई एवं सामान्य चिकित्सीय परामर्श शामिल रहा। शिविर का उद्घाटन विद्या यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. हिरेन दोशी ने फीता काटकर किया। सुबह 10 बजे से शिविर प्रारंभ होकर शाम पांच बजे तक चला। इस मौके पर प्रो.चांसलर विशाल जैन ने कहा कि समाज के प्रति जिम्मेदारियों का निर्वहन करने में विद्या परिवार सदैव आगे रहा है और इसी क्रम में आज चिकित्सा एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। हम सभी जानते हैं कि रक्त की हरेक बूंद किसी का जीवन बचाती है, इसलिए ही रक्तदान को महादान की संज्ञा दी गई है। 


वाइस चांसलर डॉ. हिरेन दोशी ने आगे बढ़कर सबसे पहले रक्तदान कर सभी को इसके लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि निरोगी काया के लिए समय-समय पर रक्तदान करते रहना चाहिए। शिविर में एनएसएस कैडेट्स के साथ शिक्षकों, छात्र-छात्राओं ने भी रक्तदान किया। सभी रक्तदानदाताओं को संजीवनी ब्लड बैंक की ओर से प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। मेट्रो हॉस्पिटल एवं संजीवनी ब्लड बैंक के प्रभारी चिकित्सक एवं उनकी पूरी टीम मौजूद रही।


फैकल्टी ऑफ फार्मेसी के डीन डॉ.प्रेम शंकर मिश्रा ने कहा कि शाम तक 25 यूनिट रक्तदान हुआ जिसमें छात्राओं एवं महिला फैकल्टियों का भी योगदान रहा। वहीं मेडिकल परीक्षण के लिए 150 से अधिक छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने आई टेस्ट, ईसीजी, ब्लड टेस्ट, बीपी, शुगर आदि की जांच करवा डॉक्टर से परामर्श किया। सभी चिकित्सकों ने विद्या की सराहना करते हुए कहा कि इस रक्तदान शिविर से युवाओं में एक संदेश गया और सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में हमेशा आगे रहने की सीख भी मिली। इस अवसर पर फार्मेसी विभाग के डीन एवं एनएसएस प्रोग्राम अधिकारी एवं सदस्यगण मौजूद रहे। शिविर को सफल बनाने में सभी का योगदान रहा। शिविर में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here