नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर जिला न्यायाधीश अरविन्द कुमार मिश्रा-द्वितीय के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मेरठ द्वारा गांधी जयंती के अवसर पर जनपद के विभिन्न विद्यालयों में पॉक्सो अधिनियम, 2012 पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के प्रथम चरण में 01 अक्टूबर को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नीरज कुशवाहा ने नवभारत इंटर कॉलेज परतापुर में, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोनिका वर्मा ने सोफिया गर्ल्स स्कूल कैंट और के.एल. इंटरनेशनल स्कूल गढ़ रोड में शिविर आयोजित कर छात्र-छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों और कानूनी परिणामों की जानकारी दी। शिविर में बच्चों को गुड टच-बैड टच, अपने अधिकारों, सुरक्षित रहने के उपायों और किसी भी अनुचित व्यवहार की स्थिति में माता-पिता, शिक्षक या विश्वसनीय व्यक्ति को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस सहायता 112 और नालसा हेल्पलाइन 15100 की जानकारी दी गई और पम्पलेट वितरित किए गए।
के.एल. इंटरनेशनल स्कूल में बाल सुरक्षा विषय पर ड्राइंग प्रतियोगिता भी हुई। इसमें कक्षा 8 की राजसी सिंह ने प्रथम, कक्षा 7 की लावण्या ने द्वितीय और कक्षा 7 की आरना बंसल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में सिविल जज प्रज्ञा सिंह-द्वितीय ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज माधवपुरम, विशेष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नाहिद सुल्ताना ने जसवंत मिल्स इंटर कॉलेज मलियाना, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नम्रता सिंह-प्रथम ने सुशीला देवी वनस्थली बालिका इंटर कॉलेज परतापुर और अपर सिविल जज गंगा शर्मा ने एस.एस.वी. इंटर कॉलेज मुरलीपुर में शिविर आयोजित कर छात्राओं को जागरूक किया।

No comments:
Post a Comment