Thursday, October 8, 2026

सीसीएसयू ने जीती इंटर कॉलेज वॉलीबॉल चैंपियनशिप



फाइनल मुकाबले में एमएमएच कॉलेज गाजियाबाद को 2-1 से दी शिकस्त, कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने दी बधाई


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ ने शानदार खेल प्रदर्शन करते हुए इंटर कॉलेज वॉलीबॉल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। अनूपशहर में आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों की कुल 19 टीमों ने प्रतिभाग किया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में सीसीएसयू की टीम ने एमएमएच कॉलेज, गाजियाबाद को 2-1 से पराजित कर चैंपियनशिप पर कब्जा किया।


फाइनल मुकाबला शुरुआत से ही बेहद रोमांचक रहा। पहले सेट में एमएमएच कॉलेज, गाजियाबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 25-17 से जीत दर्ज की। इसके बाद सीसीएसयू की टीम ने जबरदस्त वापसी की और दूसरे सेट में 25-19 से जीत हासिल कर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। निर्णायक तीसरे सेट में सीसीएसयू के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन करते हुए 15-11 से जीत दर्ज की और चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। पूरे टूर्नामेंट में सीसीएसयू के खिलाड़ियों ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। सेमीफाइनल मुकाबले में भी विश्वविद्यालय की टीम ने एनसीपीई के विरुद्ध शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने पक्ष में किया था। फाइनल में भी खिलाड़ियों ने दबाव के बीच धैर्य बनाए रखते हुए बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल का परिचय दिया।


चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला ने विश्वविद्यालय की वॉलीबॉल टीम को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना और संघर्ष करने की क्षमता विकसित होती है। विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर यह उपलब्धि हासिल कर न केवल विश्वविद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।


कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि सीसीएसयू की टीम की यह जीत निरंतर अभ्यास, समर्पण और सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।


कुलपति ने टीम मैनेजर डॉ. ओमपाल सिंह सहित टीम से जुड़े सभी सदस्यों, प्रशिक्षकों एवं खिलाड़ियों को विशेष रूप से बधाई दी और कहा कि उनकी मेहनत और मार्गदर्शन ने टीम को चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विश्वविद्यालय परिवार ने भी विजेता टीम को शुभकामनाएं देते हुए खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन पर हर्ष व्यक्त किया। सीसीएसयू की इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय के खेल जगत में उत्साह का माहौल है।

No comments:

Post a Comment