नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय एवं विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों, पाठ्यक्रम, विभिन्न अवसरों, अनुशासन तथा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों से परिचित कराना था।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शोध निदेशक एवं प्रॉक्टर प्रो. वीरपाल सिंह ने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की विभिन्न सुविधाओं एवं गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इसके पश्चात भौतिकी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. अनुज कुमार ने विद्यार्थियों को विभाग में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों, विभाग के शिक्षकों तथा विभाग की शैक्षणिक उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विभाग के पूर्व विद्यार्थियों की देश-विदेश में हुई प्लेसमेंट एवं उपलब्धियों से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया तथा उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर एवं समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विभागाध्यक्ष ने विभाग के शिक्षक डॉ. अनिल कुमार यादव को विभाग द्वारा संचालित फिजिक्स संगठन का दायित्व सौंपा। डॉ. अनिल कुमार यादव ने विद्यार्थियों को फिजिक्स संगठन के उद्देश्यों एवं उसकी गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने संगठन के संचालन के लिए विद्यार्थियों की एक कार्यकारिणी टीम के गठन का प्रस्ताव रखा। यह टीम पूरे शैक्षणिक सत्र में विभाग में विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
विभाग के शिक्षक डॉ. योगेंद्र कुमार गौतम ने विद्यार्थियों को एंटी-रैगिंग नियमों एवं विश्वविद्यालय की एंटी-रैगिंग नीति के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से आपसी सम्मान, अनुशासन एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. नीरज कुमार पवार ने सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में विभाग के एमएससी, बीएससी एवं पीएचडी के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर विभाग के प्रो. संजीव कुमार शर्मा, डॉ. विवेक नौटियाल एवं डॉ. कविता शर्मा सहित विभाग के अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन विभाग के फिजिक्स संगठन द्वारा किया गया।

No comments:
Post a Comment