Friday, October 9, 2026

सुभारती विश्वविद्यालय में खेल प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम, टीम भावना और अनुशासन का दिया संदेश

 



नित्य संदेश ब्यूरो


मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ के शारीरिक शिक्षा विभाग की ओर से मदन मोहन मालवीय मैदान में द्वितीय इंट्राम्यूरल प्रतियोगिता के अंतर्गत रस्साकशी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और अपनी शारीरिक क्षमता, सामूहिक समन्वय तथा खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।



प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न हाउस के खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पहले चरण में शिवाजी हाउस और आजाद हाउस के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें आजाद हाउस ने जीत हासिल कर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। दूसरे चरण में सुभाष हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में आजाद हाउस के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, सामूहिक प्रयास और दमदार प्रदर्शन के बल पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। सुभाष हाउस दूसरे, प्रताप हाउस तीसरे और शिवाजी हाउस चौथे स्थान पर रहा।



प्रतियोगिता के सफल आयोजन की जिम्मेदारी शिवाजी हाउस को सौंपी गई थी। हाउस के सदस्यों ने आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं और आपसी समन्वय को प्रभावी ढंग से संभालते हुए प्रतियोगिता का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया। आयोजन में हाउस इंचार्ज, शिक्षकगण और विद्यार्थियों ने सक्रिय सहयोग दिया। यह प्रतियोगिता समग्र समन्वयक सुश्री दीपांशु चौधरी के समन्वय तथा शारीरिक शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मंजू अधिकारी के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ उनमें शारीरिक दक्षता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना था।



रस्साकशी प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए व्यक्तिगत शक्ति के साथ-साथ टीम का तालमेल, आपसी विश्वास और सामूहिक प्रयास भी आवश्यक हैं। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों का उत्साह और सहभागिता विश्वविद्यालय में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक पहल रही।


No comments:

Post a Comment