नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। सोमवार को आयुक्त सभागार में मंडलायुक्त भानु चन्द्र गोस्वामी की अध्यक्षता में मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन अपर आयुक्त उद्योग द्वारा किया गया।
बैठक में उद्यमियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन द्वारा सुरक्षा व चोरी की समस्या उठाने पर पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि सर्राफा बाजार में पिकेट ड्यूटी लगाई गई है और चोरी के मामलों में शत-प्रतिशत बरामदगी कर निस्तारण किया गया है। इस पर आयुक्त ने प्रकरण को निक्षेपित करने के निर्देश दिए। कैंची क्लस्टर मैस्मा द्वारा भूखंडों की रजिस्ट्री और कूड़ा-गंदगी के निस्तारण का मुद्दा उठाया गया। आयुक्त ने मेरठ विकास प्राधिकरण को इसी माह रजिस्ट्री पूरी करने और नगर आयुक्त को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। मिडफो की मांग पर सिटी बस संचालन शुरू होने पर उद्यमियों ने आभार व्यक्त किया।
आयुक्त ने अपर आयुक्त उद्योग को निर्देश दिया कि मंडल के सभी 6 जनपदों से ऐसे 6-6 संदर्भ चिन्हित किए जाएं जिनका निस्तारण जिला उद्योग बंधु में नहीं हो पाया है, ताकि उन्हें अगली मंडलीय बैठक में शामिल किया जा सके। बैठक में उपाध्यक्ष एमडीए, नगर आयुक्त, एसपी ट्रैफिक, उपायुक्त उद्योग मेरठ, गाजियाबाद, बागपत, बुलंदशहर, विद्युत, यूपीसीडा, रोडवेज, राज्य कर, श्रम, ईएसआईसी, प्रदूषण विभाग के अधिकारी और लघु उद्योग भारती, यूपी चैंबर ऑफ कॉमर्स सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment