पेपला में निकाली जागरूकता रैली, विद्यार्थियों ने चलाया स्वच्छता अभियान
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वच्छता को जनभागीदारी से जन आंदोलन बनाने के उद्देश्य से ग्राम पेपला, ब्लॉक रोहटा में राष्ट्रीय सेवा योजना सेल एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त सहयोग से ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के तहत विद्यार्थियों ने ग्रामीण क्षेत्र में जागरूकता रैली निकालकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की और लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
जागरूकता रैली में विद्यार्थियों ने स्वच्छता से संबंधित नारों और संदेशों के माध्यम से ग्रामीणों को अपने घर, गली, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने लोगों से कूड़ा खुले में न डालने, कूड़े का उचित निस्तारण करने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत बनाने की अपील की। रैली के बाद विद्यार्थियों ने स्वयं श्रमदान करते हुए सार्वजनिक स्थानों की सफाई की। इस दौरान ग्रामीणों ने भी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए अभियान में सहयोग किया।
कार्यक्रम में पशुधन प्रसार अधिकारी, ग्राम पेपला, ब्लॉक रोहटा, मेरठ विपिन कुमार तथा ग्राम प्रधान अनिल कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी से ही सफल हो सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में चलाए गए अभियान को सराहनीय पहल बताया।
कार्यक्रम के दौरान एनएसएस के वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी राम प्रकाश तिवारी ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने स्वच्छता को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने, आसपास के लोगों को जागरूक करने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया। अभियान के संयोजक डॉ. मनोज कुमार त्रिपाठी ने कहा कि “स्वच्छता केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ जीवन, जिम्मेदार नागरिकता और सामाजिक चेतना से जुड़ा विषय है। जनभागीदारी के बिना स्वच्छता के लक्ष्य को स्थायी रूप से हासिल नहीं किया जा सकता। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।”
उन्होंने कहा कि एनएसएस के माध्यम से विद्यार्थियों को समाज के साथ जोड़कर उनमें सेवा, जिम्मेदारी और नेतृत्व की भावना विकसित की जा रही है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने स्वच्छता को निरंतर बनाए रखने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर एनएसएस की इकाई 4 व 6 के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ललित कुमार व डॉ. सुनिल कुमार एनएसएस के स्वयंसेवकों के साथ उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment