Wednesday, October 7, 2026

10 अक्टूबर को सुभारती विश्वविद्यालय में होगा दूसरे चरण की प्रतियोगिताओं का आयोजन, 21 अक्टूबर को निकलेगी भव्य झांकी रैली



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में आगामी 21 अक्टूबर को आयोजित होने वाले ‘अखंड भारत का स्वतंत्रता दिवस महापर्व-2026’ की तैयारियां तेज हो गई हैं। राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक समरसता और युवा जागरण को समर्पित इस महापर्व को व्यापक जन-अभियान का स्वरूप देने के लिए आयोजन समिति तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है। महापर्व के तहत विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के साथ ही उन्हें देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।



सुभारती समूह के संस्थापक एवं महापर्व के प्रणेता डॉ. अतुल कृष्ण के मार्गदर्शन और उनकी अनुमति से  महापर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं सुभारती डिफेंस एकेडमी के निदेशक कर्नल राजेश त्यागी, एसएम (सेनि.) की अध्यक्षता में सुभारती विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग के कॉन्फ्रेंस रूम में बैठक हुई। बैठक में महापर्व के दूसरे चरण की प्रतियोगिताओं की तैयारियों, प्रतिभागियों की सुविधाओं और आयोजन की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। महापर्व के प्रथम चरण में विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निबंध लेखन, पेंटिंग, प्रश्नोत्तरी और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जा चुकी हैं। इन प्रतियोगिताओं में चयनित विद्यार्थी अब दूसरे चरण में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। दूसरा चरण 10 अक्टूबर 2026 को सुभारती विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा।



महापर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष कर्नल राजेश त्यागी, एसएम (सेनि.) ने आयोजन समिति के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘अखंड भारत का स्वतंत्रता दिवस महापर्व’ महज एक आयोजन नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय चरित्र और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का अभियान है। विद्यार्थियों की बड़ी भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि युवा देश के इतिहास, संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम को जानने तथा उससे जुड़ने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रत्येक सदस्य को अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता से निभानी होगी। अनुशासन, समयबद्धता और टीमवर्क ही किसी बड़े आयोजन की सफलता की सबसे मजबूत नींव हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि पंजीकरण से लेकर प्रतियोगिताओं के समापन तक प्रत्येक व्यवस्था व्यवस्थित हो और किसी भी प्रतिभागी को असुविधा न हो।



महापर्व आयोजन समिति के कोऑर्डिनेटर समीर सिंह ने बैठक में दूसरे चरण की तैयारियों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में करीब 60 विद्यालय एवं महाविद्यालयों के लगभग 1000 विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। विद्यार्थियों का पंजीकरण सुबह 8 बजे से शुरू होगा और प्रतियोगिताएं सुबह 9 बजे से प्रारंभ होंगी।प्रतियोगिताओं के सुचारु संचालन के लिए विश्वविद्यालय परिसर में चार सेंटर बनाए गए हैं। इसके साथ ही प्रतिभागियों की सहायता के लिए विशेष हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है। बाहर से आने वाले विद्यार्थियों को पंजीकरण, सेंटर तक पहुंचने और अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए आयोजन समिति के सदस्य तैनात रहेंगे।

 दूसरे चरण की प्रतियोगिताओं के बाद विजेता प्रतिभागियों को 24 अक्टूबर 2026 को मांगल्या कन्वेंशन सेंटर में आयोजित भव्य समारोह में सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। आयोजन समिति द्वारा पुरस्कार समारोह को भी आकर्षक और गरिमापूर्ण स्वरूप देने की तैयारियां की जा रही हैं।



महापर्व का मुख्य आकर्षण 21 अक्टूबर 2026 को 


मेरठ शहर में निकलने वाली भव्य झांकी रैली होगी। इसमें विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं की ओर से आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। झांकी प्रतियोगिता के माध्यम से देशभक्ति, भारतीय संस्कृति, स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता जैसे विषयों को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय द्वारा यह महापर्व नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वारा स्थापित आजाद हिंद सरकार के स्थापना दिवस की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास से जोड़ना और उनमें राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करना है। विद्यार्थियों की व्यापक भागीदारी से महापर्व को मेरठ में युवा जागरण और राष्ट्रभक्ति के बड़े जन-अभियान के रूप में स्थापित करने की तैयारी है। बैठक में महापर्व आयोजन समिति अधिकारियों और सदस्य मौजूद रहे ।

No comments:

Post a Comment