Monday, October 12, 2026

भिकाजी कामा सुभारती कॉलेज ऑफ होटल मैनेजमेंट में नवागंतुक विद्यार्थियों का भव्य स्वागत, मनजीत को मिला ‘मिस्टर फ्रेशर’ का खिताब



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के भिकाजी कामा सुभारती कॉलेज ऑफ होटल मैनेजमेंट में नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत के लिए ‘आरंभ 2026’ फ्रेशर पार्टी का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजक गतिविधियों और प्रतिभा प्रदर्शन से सजे इस समारोह का उद्देश्य नवागंतुक विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक वातावरण से परिचित कराना तथा उनके कॉलेज जीवन की शुरुआत को यादगार बनाना रहा।


कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. इंद्रनील बोस के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने नवागंतुक विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ उनकी प्रतिभा, रचनात्मकता और व्यक्तित्व को निखारने के लिए निरंतर अवसर उपलब्ध कराता है। डॉ. इंद्रनील बोस ने अपने प्रेरणादायक संदेश में कहा कि कॉलेज जीवन केवल डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि अपने सपनों को पहचानने, नई क्षमताओं को विकसित करने और जीवन में सफलता की मजबूत नींव रखने का महत्वपूर्ण पड़ाव है। होटल प्रबंधन का क्षेत्र सेवा, अनुशासन, विनम्रता, रचनात्मकता और उत्कृष्ट व्यावसायिक कौशल पर आधारित है। इस क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों में सीखने की ललक, अतिथियों के प्रति सम्मान और चुनौतियों का सामना करने का आत्मविश्वास होना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे हर अवसर को सीखने के माध्यम के रूप में अपनाएं, अपनी प्रतिभा पर विश्वास रखें और मेहनत, समर्पण तथा सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यार्थी अपनी उपलब्धियों से महाविद्यालय और विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेंगे।


कार्यक्रम का सफल संचालन अमन एवं गुंजन ने किया। आयोजन की संपूर्ण जिम्मेदारी महाविद्यालय के द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने संभाली। विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, रचनात्मकता और टीम भावना का परिचय देते हुए समारोह को आकर्षक एवं यादगार बनाया। नृत्य, संगीत, गायन और अन्य मनोरंजक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। रंगारंग कार्यक्रमों से परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। नवागंतुक विद्यार्थियों ने भी विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर समारोह का भरपूर आनंद लिया।




समारोह का प्रमुख आकर्षण ‘मिस फ्रेशर’ एवं ‘मिस्टर फ्रेशर’ का चयन रहा। इसमें अनन्या नेगी को ‘मिस फ्रेशर 2026’ तथा मनजीत को ‘मिस्टर फ्रेशर 2026’ के खिताब से सम्मानित किया गया। दोनों विजेताओं का चयन उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास और मंच पर प्रभावशाली प्रस्तुति के आधार पर किया गया। खिताब जीतने पर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।


इस अवसर पर विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज तथा कुलपति प्रो. (डॉ.) वी.के. मित्तल ने नवागंतुक विद्यार्थियों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रेषित किया। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे शैक्षणिक, सांस्कृतिक और व्यक्तित्व विकास के अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।


कार्यक्रम के अंत में द्वितीय वर्ष के आयोजक विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय परिवार ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। ‘आरंभ 2026’ ने नवागंतुक विद्यार्थियों को सुभारती परिवार से जुड़ने, नई मित्रताएं बनाने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हुए उनके कॉलेज जीवन की शुरुआत को उत्साहपूर्ण, आनंदमय और यादगार बना दिया।

No comments:

Post a Comment