Monday, October 12, 2026

एडीएम नगर की अध्यक्षता में हुई जिला सैनिक बंधु की मासिक बैठक, 13 शिकायतों पर हुई सुनवाई

 


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। पूर्व सैनिकों, शहीद व दिवंगत सैनिकों की पत्नियों तथा उनके आश्रितों की समस्याओं के निस्तारण हेतु जिला सैनिक बंधु की मासिक बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी द्वारा नामित अपर जिलाधिकारी (नगर) आदित्य कुमार प्रजापति ने की।


बैठक में भूमि संबंधी विवादों, अवैध कब्जे और पुलिस से जुड़े मामलों पर चर्चा हुई। इस दौरान कुल 13 आवेदन प्राप्त हुए, जिन्हें संबंधित विभागों को कार्रवाई हेतु भेज दिया गया। पूर्व सैनिकों ने व्यक्तिगत रूप से मामलों को सुनने के लिए एडीएम नगर का आभार व्यक्त किया। बैठक में भूतपूर्व सैनिक राजबीर के शस्त्र लाइसेंस, जसवंत सिंह की कृषि भूमि की मेड़ काटने, राजेन्द्र सिंह के चकरोड पर अवैध कब्जे, जशवंत सिंह तोमर के नाली विवाद और चरण सिंह को बिना कारण हिरासत में रखने व धमकाने जैसे मामलों पर चर्चा हुई। साथ ही सैनिक कल्याण निदेशालय लखनऊ से प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। शहीदों के नाम पर सड़कों के नामकरण का मामला पीडब्ल्यूडी की आख्या लंबित होने के कारण अभी लंबित है। एडीएम नगर ने सभी प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

No comments:

Post a Comment