Monday, October 12, 2026

नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत से गूंजा सुभारती फिजियोथेरेपी कॉलेज, गौरी त्यागी बनीं मिस फ्रेशर और देवांश गर्ग बने मिस्टर फ्रेशर

 


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के ज्योतिराव फुले सुभारती कॉलेज ऑफ फिजियोथेरेपी में नव प्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए ‘नवागंतुक स्वागत समारोह 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। ‘दीक्षारंभ – एक नए युग का शुभारंभ’ थीम पर आधारित इस समारोह का उद्देश्य नवागंतुक विद्यार्थियों का सुभारती परिवार में आत्मीय स्वागत करना और उनके शैक्षणिक जीवन की शुरुआत को यादगार बनाना रहा।


कार्यक्रम का आयोजन महारानी लक्ष्मीबाई सभागार में किया गया। समारोह में विद्यार्थियों को अपने वरिष्ठ विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ संवाद करने का अवसर मिला। सांस्कृतिक गतिविधियों, मनोरंजक कार्यक्रमों और विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान परिसर में उत्साह, उमंग और उल्लास का वातावरण बना रहा। समारोह का प्रमुख आकर्षण मिस फ्रेशर एवं मिस्टर फ्रेशर 2026 का चयन रहा। इसमें गौरी त्यागी को मिस फ्रेशर 2026 तथा देवांश गर्ग को मिस्टर फ्रेशर 2026 चुना गया। इस उपलब्धि पर विद्यार्थियों ने हर्ष व्यक्त किया और विजेताओं का उत्साहवर्धन किया।


महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अमित कुमार गोयल के मार्गदर्शन में आयोजित इस समारोह ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, रचनात्मक अभिव्यक्ति और आपसी सहयोग का महत्व समझने का अवसर प्रदान किया। प्रो. (डॉ.) अमित कुमार गोयल ने अपने संदेश में कहा कि महाविद्यालय में प्रवेश विद्यार्थियों के जीवन की एक नई और महत्वपूर्ण यात्रा का शुभारंभ है। यह समय केवल शैक्षणिक ज्ञान अर्जित करने का ही नहीं, बल्कि अनुशासन, संवेदनशीलता, आत्मविश्वास और मानवीय मूल्यों को विकसित करने का भी है। फिजियोथेरेपी स्वास्थ्य सेवा का एक ऐसा क्षेत्र है, जिसमें तकनीकी दक्षता के साथ करुणा, धैर्य और मरीजों के प्रति संवेदनशीलता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नवागंतुक विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे सीखने की जिज्ञासा बनाए रखें, अपने शिक्षकों का मार्गदर्शन प्राप्त करें और मेहनत एवं समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यार्थी अपनी प्रतिभा और सकारात्मक सोच से महाविद्यालय तथा विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाएंगे।


समारोह के सफल आयोजन में सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. कायनात हसन एवं डॉ. दामिनी कंसल का विशेष सहयोग रहा। महाविद्यालय के सभी संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।समारोह का समापन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ हुआ। ‘दीक्षारंभ 2026’ ने नवागंतुक विद्यार्थियों को सकारात्मक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण प्रदान करते हुए उनके शैक्षणिक जीवन के नए अध्याय की सुखद शुरुआत को यादगार बना दिया।

No comments:

Post a Comment