Breaking

Your Ads Here

Wednesday, October 7, 2026

जेवर में खत्म हुई कांग्रेस की किसान अधिकार यात्रा, शुकतीर्थ से हुआ था आगाज


मेरठ समेत 6 जिलों से गुजरी 6 दिन की यात्रा; गन्ना भुगतान, MSP, खाद-बिजली और बढ़ती लागत को लेकर किसानों से किया सीधा संवाद

नित्य संदेश ब्यूरो 
नोएडा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी पश्चिमी जोन एवं किसान कांग्रेस की 'किसान अधिकार यात्रा' का बुधवार को जेवर में सफल समापन हो गया। 2 अक्टूबर को मुजफ्फरनगर के मीरापुर स्थित शुकतीर्थ से शुरू हुई यह यात्रा 6 दिनों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से होते हुए जेवर पहुंची।

महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर 'जय जवान, जय किसान' के नारे के साथ शुरू हुई यात्रा शुकदेव आश्रम में पूजा-अर्चना के बाद मीरापुर से मोरना के लिए रवाना हुई थी। तय कार्यक्रम के अनुसार 3 अक्टूबर को थानाभवन, 4 अक्टूबर को छपरौली, 5 अक्टूबर को मेरठ, 6 अक्टूबर को लोनी और 7 अक्टूबर को जेवर में किसान सभाएं, जनसंवाद और पदयात्राएं हुईं।

मेरठ में किसानों ने उठाए MDA के मुद्दे
यात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश स्तरीय मुद्दों के साथ स्थानीय समस्याएं भी सुनीं। मेरठ में फफूंडा में किसान सभा के बाद लोहियानगर में धरने पर बैठे किसानों से संवाद किया गया। किसानों ने मेरठ विकास प्राधिकरण से जुड़ी अतिरिक्त प्रतिकर, प्लॉट, भुगतान और पुरानी आबादी के समायोजन की लंबे समय से लंबित मांगें रखीं।

किसानों ने प्रमुख तौर पर गन्ने का बकाया भुगतान, MSP की कानूनी गारंटी, खाद-बीज की किल्लत, महंगी बिजली, डीजल, आवारा पशुओं से फसल बचाव, भूमि अधिग्रहण में उचित मुआवजा और ग्रामीण रोजगार जैसे मुद्दे उठाए।

नेताओं ने क्या कहा
संजीव आर्या, राष्ट्रीय सचिव AICC व प्रभारी पश्चिमी यूपी ने कहा कि इस यात्रा के जरिए कांग्रेस ने किसानों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को संबंधित मंचों तक पहुंचाने का काम किया है। अखिलेश शुक्ल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, किसान कांग्रेस ने कहा कि खाद, बीज, डीजल और बिजली की कीमतों ने खेती की लागत बढ़ा दी है। किसानों को लाभकारी मूल्य और समय पर गन्ना भुगतान मिलना चाहिए।

पूर्व सांसद कुंवर दानिश अली ने कहा कि किसान की समस्या का असर पूरे ग्रामीण बाजार और अर्थव्यवस्था पर पड़ता है।

विशिष्ट अतिथि रोहित जाखड़ ने कहा कि पश्चिमी यूपी की अर्थव्यवस्था किसान पर निर्भर है और किसान मजबूत होगा तभी गांव का व्यापार और रोजगार मजबूत होगा।

प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी ने कहा कि किसान केवल अन्नदाता नहीं, बल्कि खाद्य सुरक्षा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला है।

यात्रा के मेरठ कॉर्डिनेटर अजय दामोदर शर्मा ने कहा कि किसानों की खुलकर भागीदारी ने दिखाया कि वे अपने सवालों को मजबूती से उठता देखना चाहते हैं।

जेवर में समापन
समापन कार्यक्रम प्रो. अजय छौकर के संयोजन में जहांगीरपुर से जेवर नगर पंचायत तक पदयात्रा के रूप में हुआ। इस दौरान जहांगीरपुर में सभा भी हुई। कार्यक्रम में दीपक चोटीवाला, सागर रस्तोगी, अर्पित चौधरी, शीतल मान, इजरायल गहलोत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यात्रा का समापन जेवर में हुआ है, लेकिन किसानों के मुद्दों को उठाने का सिलसिला जारी रहेगा।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here