मयंक अग्रवाल
नित्य संदेश, मेरठ। बुढ़ाना गेट स्थित जिमखाना मैदान में चल रहे रामलीला महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को राम जन्म का भव्य मंचन हुआ तो पूरा पंडाल जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। भक्त भावविभोर हो गए।
श्री सनातन धर्म रक्षिणी सभा (पंजी.) मेरठ शहर के तत्वावधान में तथा श्री रामलीला कमेटी (पंजी.) मेरठ शहर द्वारा आयोजित रामलीला महोत्सव का शुभारंभ मुख्य उद्घाटनकर्ता विवेक शेखर और मुख्य पूजनकर्ता प्रदीप बंसल ने किया। प्रसाद सेवा का पुण्य कार्य डॉ. ब्रजभूषण की ओर से किया गया।
ऐसे हुआ राम जन्म का मंचन
कथा में दर्शाया गया कि महाराज दशरथ की वृद्धावस्था में संतान प्राप्ति न होने पर श्रृंगी ऋषि द्वारा पुत्रकामेष्टि यज्ञ कराया गया। यज्ञ की अग्नि से प्रकट अग्निदेव ने खीर (चारु) प्रदान की, जिसे तीनों रानियों में बांटा गया। फलस्वरूप चैत्र शुक्ल नवमी को पुनर्वसु नक्षत्र एवं शुभ ग्रहयोग में महारानी कौशल्या के गर्भ से भगवान श्रीराम का दिव्य जन्म हुआ। शिशु के तेजोमय स्वरूप को देख पूरा राजमहल आनंद से गूंज उठा। मंच से उद्घोष हुआ -
रामो विग्रहवान् धर्मः सदा रामः प्रियंवदः।
बाल लीला, विश्वामित्र आगमन और ताड़का वध
राम जन्म के बाद बाल लीला का मनोहर मंचन हुआ। इसके बाद ऋषि विश्वामित्र का अयोध्या आगमन दिखाया गया, जो यज्ञ रक्षा के लिए दशरथ से राम-लक्ष्मण को मांगने आए। गुरु वशिष्ठ की आज्ञा से दशरथ ने दोनों राजकुमारों को उनके साथ भेजा। ऋषि के यज्ञ में बाधा डालने आए राक्षस सुबाहु का श्रीराम ने वध किया और मारिच को बाण से दूर समुद्र में फेंक दिया। ताड़का नामक राक्षसी के आतंक से मुक्ति के लिए श्रीराम ने धर्म रक्षा हेतु ताड़का का वध कर ऋषियों को भयमुक्त किया।
परित्राणाय साधूनां विनाशाय च दुष्कृताम्। धर्मसंस्थापनार्थाय सम्भवामि युगे युगे॥
आज होगा यह मंचन
कमेटी ने बताया कि 11 अक्टूबर को जनकपुरी प्रवेश, नगर भ्रमण, पुष्प वाटिका, गिरजा पूजा, धनुष यज्ञ और लक्ष्मण-परशुराम संवाद का मंचन होगा।
इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष मनोज गुप्ता राधा गोविंद मंडप, महामंत्री मनोज अग्रवाल खद्दर वाले, कोषाध्यक्ष योगेंद्र अग्रवाल बबलू, राकेश गर्ग, रोहताश प्रजापति, राकेश शर्मा, राजन सिंघल, विपुल सिंघल, मयंक अग्रवाल, संदीप गोयल रेवड़ी, मयूर अग्रवाल, अपार मेहरा, विपिन अग्रवाल, लोकेश शर्मा, मनोज दवाई, मनोज वर्मा, पार्षद पंकज गोयल, अनिल वर्मा सहित हजारों भक्त मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment