Breaking

Your Ads Here

Sunday, October 4, 2026

10वीं पास कामकाजी युवाओं को अनुभव के आधार पर डिप्लोमा में प्रवेश का निर्णय स्वागत योग्य : अमित अग्रवाल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जताया आभार

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। 10वीं के बाद पढ़ाई छोड़कर तकनीकी क्षेत्रों में कार्य कर रहे युवाओं को उनके कार्यानुभव के आधार पर डिप्लोमा पाठ्यक्रम में प्रवेश दिए जाने की व्यवस्था पर मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का आभार व्यक्त किया है।

अमित अग्रवाल ने कहा कि आर्थिक एवं पारिवारिक परिस्थितियों के कारण बड़ी संख्या में युवा 10वीं के बाद अपनी पढ़ाई जारी नहीं रख पाते और कम उम्र में ही विभिन्न तकनीकी क्षेत्रों में काम करना शुरू कर देते हैं। वर्षों के अनुभव के बावजूद औपचारिक तकनीकी योग्यता नहीं होने के कारण उन्हें रोजगार में उन्नति और बेहतर अवसर प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे युवाओं को उनके कार्यानुभव के आधार पर आगे की तकनीकी शिक्षा से जोड़ने का सुझाव उनके द्वारा पूर्व में दिया गया था।

उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) द्वारा ‘वर्किंग प्रोफेशनल’ श्रेणी में 10वीं उत्तीर्ण कार्यरत युवाओं को उनके अनुभव के आधार पर डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में प्रवेश दिए जाने की व्यवस्था इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे कामकाजी युवा अपनी नौकरी अथवा व्यवसाय छोड़े बिना रात्रिकालीन और वीकेंड बैच के माध्यम से तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे तथा अपने कार्यानुभव के साथ औपचारिक तकनीकी योग्यता भी हासिल कर सकेंगे।

विधायक ने कहा कि इस व्यवस्था से युवाओं के लिए रोजगार में उन्नति, बेहतर वेतन एवं भविष्य में आगे बढ़ने के नए अवसर खुलेंगे। साथ ही उद्योगों और तकनीकी क्षेत्रों को अनुभवी एवं प्रशिक्षित मानव संसाधन भी उपलब्ध होगा।

अमित अग्रवाल ने बताया कि उनके द्वारा दिए गए सुझाव में जूनियर इंजीनियर (JE) से नीचे “Technical Expert” जैसे पदनाम की व्यवस्था किए जाने का विषय भी शामिल था। उन्होंने कहा कि वर्षों से तकनीकी क्षेत्र में कार्य कर रहे अनुभवी युवाओं की दक्षता को उचित पहचान देने तथा उनकी जिम्मेदारियों के अनुरूप पदनाम उपलब्ध कराने की दिशा में यह व्यवस्था उपयोगी हो सकती है।

उन्होंने कहा कि 10वीं पास कामकाजी युवाओं को अनुभव के आधार पर डिप्लोमा शिक्षा से जोड़ने का यह निर्णय शिक्षा, कौशल और रोजगार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेगा। उन्होंने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए आशा जताई कि “Technical Expert” पदनाम सहित उनके द्वारा दिए गए अन्य सुझावों पर भी सकारात्मक रूप से विचार किया जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here