नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के सूक्ष्म विज्ञान विभाग में SC/ST सेल की योजना के अंतर्गत CSIR-NET Life Science की विशेष कक्षाएँ संचालित की जा रही हैं। विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षा CSIR-NET/JRF की प्रभावी तैयारी कराने के उद्देश्य से आयोजित इन कक्षाओं में प्रातः 8:00 बजे से नियमित शिक्षण एवं परीक्षा-आधारित अभ्यास कराया जा रहा है। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला जी के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। कुलपति महोदया के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर शैक्षणिक सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल की गई है।
SC/ST सेल के समन्वयक प्रो. दिनेश कुमार ने बताया कि CSIR-NET Life Science की ये विशेष कक्षाएँ सभी विद्यार्थियों के लिए पूर्णतः निःशुल्क हैं। उन्होंने कहा कि Life Science विषय से संबंधित विद्यार्थी इन कक्षाओं में सम्मिलित होकर CSIR-NET/JRF की बेहतर तैयारी कर सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षा के लिए गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन एवं अध्ययन का बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। Life Science विषय से संबंधित सभी विद्यार्थी इन निःशुल्क विशेष कक्षाओं में सम्मिलित हो सकते हैं। सूक्ष्म विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. जितेंद्र सिंह ने कहा कि CSIR-NET/JRF विद्यार्थियों के लिए शोध एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने तथा विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराई जा रही इस निःशुल्क शैक्षणिक सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
कक्षाओं के संबंध में डॉ. लक्ष्मण नागर, सूक्ष्म विज्ञान विभाग, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ ने बताया कि विद्यार्थियों को CSIR-NET Life Science के निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुरूप विषय-वस्तु की तैयारी के साथ-साथ प्रश्न अभ्यास, पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का विश्लेषण, परीक्षा पैटर्न, मॉक टेस्ट तथा JRF प्राप्त करने की रणनीति पर विशेष रूप से मार्गदर्शन दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की परीक्षा संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण तैयारी कराई जा रही है, जिससे वे परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। कक्षाओं एवं प्रवेश से संबंधित अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी, डॉ. लक्ष्मण नागर, सूक्ष्म विज्ञान विभाग, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ से संपर्क कर सकते हैं।

No comments:
Post a Comment