नित्य संदेश एजेंसी
नई दिल्ली। मोरक्को की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव हुआ है। देश के राजा मोहम्मद VI ने फातिमा एज्ज़हरा एल मंसूरी को नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया है। मोरक्को के इतिहास में यह पहली बार है, जब किसी महिला को सरकार की कमान सौंपी गई है। इसके साथ ही फातिमा अरब दुनिया में प्रधानमंत्री बनने वाली दूसरी महिला बन गई हैं।
चुनाव नतीजे और गठबंधन की चुनौती
26 सितंबर को आए संसदीय चुनाव के नतीजों में उनकी पार्टी ऑथेंटिसिटी एंड मॉडर्निटी पार्टी (PAM) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। पार्टी ने संसद की 395 सीटों में से 97 सीटें जीतीं। हालांकि सरकार बनाने के लिए 198 सीटों की जरूरत है। ऐसे में फातिमा को प्रधानमंत्री बनने के बाद गठबंधन सरकार बनाने के लिए दूसरी पार्टियों का समर्थन जुटाना होगा। उनकी पार्टी ने गठबंधन के लिए बातचीत की इच्छा जताई है, लेकिन कुछ दलों ने विपक्ष में बैठने का फैसला किया है।
कौन हैं फातिमा मंसूरी?
50 वर्षीय फातिमा मंसूरी मोरक्को की राजनीति का जाना-पहचाना नाम हैं।
• राजनीति में आने से पहले वह वकील थीं। उन्होंने फ्रांस की यूनिवर्सिटी ऑफ मोंटपेलियर से कानून की पढ़ाई की।
• साल 2008 में वह PAM से जुड़ीं। यह पार्टी उसी साल बनी थी और फातिमा इसके शुरुआती नेताओं में शामिल रहीं।
• साल 2009 में वह माराकेश शहर की मेयर चुनी गईं। वह इस शहर की पहली महिला मेयर थीं।
• साल 2021 के चुनाव के बाद वह दोबारा माराकेश की मेयर बनीं और उसी साल उन्हें राष्ट्रीय सरकार में राष्ट्रीय क्षेत्रीय योजना, शहरी विकास, आवास और शहरी नीति मंत्री बनाया गया।
• मंत्री के तौर पर उन्होंने घर खरीदने के लिए सीधी आर्थिक मदद, शहरी विकास में सुधार और अल हौज भूकंप प्रभावितों के पुनर्वास जैसे कामों पर ध्यान दिया।
• साल 2024 में वह पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में अहम भूमिका निभाने लगीं।
सामने होंगी ये बड़ी चुनौतियां
1. 2030 फीफा वर्ल्ड कप की तैयारी: मोरक्को 2030 में पुर्तगाल और स्पेन के साथ वर्ल्ड कप की मेजबानी करेगा। बुनियादी ढांचे, परिवहन और सुविधाओं से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट्स को पूरा करना बड़ी चुनौती होगी।
2. आर्थिक मुद्दे: महंगाई पर काबू पाना, लोगों की आमदनी बढ़ाना और रोजगार के नए अवसर पैदा करना।
3. गठबंधन सरकार: बहुमत न होने के कारण सहयोगी दलों को साथ लेकर चलना।
अरब दुनिया में दूसरी महिला प्रधानमंत्री
फातिमा से पहले ट्यूनीशिया की नजला बौडेन अक्टूबर 2021 से अगस्त 2023 तक प्रधानमंत्री रहीं थीं। अब फातिमा इस क्षेत्र में यह जिम्मेदारी संभालने वाली दूसरी महिला हैं।
No comments:
Post a Comment