इकराम चौधरी
नित्य संदेश, किठौर। मेरठ-किठौर मार्ग पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नगली कठोर पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार वैन और मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना किठौर पुलिस को दी।
अजराडा लौट रहे थे दोनों युवक
घायलों के परिजन चाचा जाहिद ने बताया कि घायल युवकों की पहचान फरियाद पुत्र हामिद और मोहम्मद तारिक पुत्र इरफान निवासी ग्राम अजराडा, थाना मुंडाली, मेरठ के रूप में हुई है। दोनों बुधवार शाम करीब 6:00 बजे किठौर से अपने गांव अजराडा लौट रहे थे।
जैसे ही उनकी बाइक UP 15 ED 9159 नगली कठोर स्थित पेट्रोल पंप के सामने पहुंची, सामने से आ रही एक वैन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में दोनों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती
सूचना मिलते ही किठौर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से मेरठ के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उन्हें आईसीयू में रखकर उपचार दिया जा रहा है। पुलिस ने वैन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
No comments:
Post a Comment