Breaking

Your Ads Here

Wednesday, September 9, 2026

मेरठ रेंज में DIG ने की अपराध समीक्षा, त्योहारों को लेकर कानून-व्यवस्था के दिए सख्त निर्देश


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। पुलिस उपमहानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र श्री कलानिधि नैथानी ने मंगलवार को रेंज कार्यालय पर चारों जनपदों के पुलिस कप्तानों के साथ अपराध समीक्षा एवं आगामी त्योहारों को लेकर कानून-व्यवस्था की गोष्ठी की।

बैठक में एसएसपी मेरठ बीबीजीटीएस मूर्ति, एसएसपी बुलंदशहर दिनेश कुमार सिंह, एसपी बागपत सूरज कुमार राय और एसपी हापुड़ कुंवर ज्ञानंजय सिंह मौजूद रहे। वहीं गूगल मीट के जरिए रेंज के सभी एडिशनल एसपी, सीओ, सीएफओ, सीओ एलआईयू और एआरओ भी शामिल हुए।

DIG ने आगामी त्योहारों - गणेश चतुर्थी, नवरात्र, रामनवमी, दशहरा, दीपावली, छठ पूजा और कार्तिक पूर्णिमा (गढ़ गंगा मेला) की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सीओ अपने त्योहार रजिस्टर का अवलोकन कर लें और कहीं भी नई परंपरा न पड़ने दें। गणेश प्रतिमा स्थापना स्थलों की सूची थाना और सर्किल स्तर पर रखने और आयोजकों से वार्ता कर सीसीटीवी लगवाने के निर्देश दिए गए। बैठक में यक्ष ऐप, ई-साक्ष्य ऐप और ई-सम्मन ऐप की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

DIG ने कानून-व्यवस्था को लेकर कई अहम निर्देश दिए -
1. पिछले त्योहारों पर हुए विवादों को चिन्हित कर असामाजिक तत्वों पर निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। 
2. लूट, डकैती, हत्या के वांछितों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की जाए। 
3. गौकशी, पशु क्रूरता, ट्रांसफार्मर और पशु चोरों की हिस्ट्रीशीट खोली जाए। 
4. सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखी जाए और भ्रामक सूचना का तत्काल खंडन किया जाए। 
5. सभी सीओ अपने कार्यालय में नियमित जनसुनवाई करें। 
समीक्षा के दौरान अच्छे विवेचना निस्तारण पर सीओ नगर बागपत की प्रशंसा की गई, जबकि खराब निस्तारण पर सीओ शिकारपुर (बुलंदशहर) और सर्किल में अधिक वारदात होने पर सीओ सदर देहात (मेरठ) से स्पष्टीकरण तलब किया गया।

वहीं श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने और बेहतरीन कार्य करने वाले जनपद प्रभारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here