नित्य संदेश ब्यूरो
मवाना। क्षेत्र के ऋषभ एकेडमी से जुड़ा सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रधानाचार्य के पति ने एक युवक व उसके दो साथियों पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए थाना मवाना में तहरीर दी है।
प्राप्त तहरीर के अनुसार प्रार्थी राहुल त्यागी पुत्र सतपाल त्यागी, निवासी गंगानगर, मेरठ ने बताया कि उनकी पत्नी रीना त्यागी ऋषभ एकेडमी मवाना में प्रिंसिपल के पद पर तैनात हैं। आरोप है कि ग्राम ढिकौली निवासी शानू चौहान पुत्र जयवीर चौहान काफी समय से दबंगई व गुंडागर्दी के बल पर परेशान कर रहा है। तहरीर में कहा गया है कि इससे पहले 05.09.2025 को भी आरोपी शानू चौहान ने बाहर से लोगों को बुलाकर ऋषभ एकेडमी के शिक्षक धीरज पर हमला किया था, जिस पर समाज के लोगों के सामने माफी मांगने पर उस समय कोई कार्रवाई नहीं की गई थी।
राहुल त्यागी का आरोप है कि दिनांक 11.09.2026 को सुबह करीब 8:00 बजे वह अपनी पत्नी को ऋषभ एकेडमी छोड़कर अपने आराध्य प्ले स्कूल, प्रीतनगर मवाना पर पहुंचे ही थे कि पहले से घात लगाए बैठे शानू चौहान व उसके दो अन्य साथी हाथों में डंडे और लोहे की रॉड लेकर आए और गाली-गलौज करते हुए जानलेवा हमला कर दिया।
प्रार्थी के अनुसार आरोपी ने जान से मारने की नीयत से लोहे की रॉड से सिर पर वार किया, जिसे हाथों से रोकने पर हाथों में गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर स्कूल की अध्यापिका श्रीमती कमलेश दीक्षित, श्रीमती नीलम व आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पीड़ित ने थाना प्रभारी मवाना से रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
No comments:
Post a Comment