पियर्स और पोर्टल स्ट्रक्चर पर विज्ञापन के लिए लाइसेंसिंग अधिकारों हेतु आमंत्रित की निविदाएँ
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। एनसीआरटीसी जल्द ही दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर साहिबाबाद से मोदीपुरम के बीच पियर्स और पोर्टल स्ट्रक्चर पर विज्ञापन का एक आकर्षक अवसर उपलब्ध कराने जा रहा है। इसके लिए इस खंड में पियर्स और पोर्टल स्ट्रक्चर पर विज्ञापन अधिकारों की लाइसेंसिंग हेतु निविदाएं आमंत्रित की गई हैं।
नमो भारत कॉरिडोर गाज़ियाबाद और मेरठ के घनी आबादी वाले रिहायशी इलाकों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और व्यस्त बाज़ार वाले क्षेत्रों से होकर गुज़रता है, विशेषकर इस निविदा के अंतर्गत प्रस्तावित 50 किलोमीटर से अधिक लंबे खंड पर। इसके साथ ही, कॉरिडोर उन प्रमुख हाईवे और मुख्य सड़कों के साथ-साथ भी गुजरता है जहाँ वाहनों की अत्यधिक आवाजाही बनी रहती है। वर्तमान में इस कॉरिडोर पर प्रतिदिन करीब 1.1 लाख यात्री यात्रा कर रहे हैं और इसने अब तक 4.5 करोड़ से अधिक कम्यूटर जर्नी का माइलस्टोन पार कर लिया है। यह नमो भारत पर लोगों के बढ़ते विश्वास के साथ ही यह दर्शाता है कि यह इस क्षेत्र में तेज़ी से एक पसंदीदा परिवहन साधन के रूप में उभर रहा है। बढ़ती यात्री संख्या, रिहायशी, व्यावसायिक एवं बाजार क्षेत्रों के बीच कॉरिडोर की मौजूदगी और इसके साथ मौजूद सड़कों पर वाहनों की अधिक आवाजाही, पियर्स और पोर्टल पर उपलब्ध विज्ञापन स्थानों को आउटडोर कैंपेन के लिए एक आकर्षक अवसर बनाते हैं। कॉरिडोर के पियर्स रणनीतिक रूप से सड़कों के मीडियन पर स्थित हैं। इससे इनपर दिए गए विज्ञापनों की बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच सुनिश्चित होगी। साथ ही, यह भागीदार ब्रांडों की पहचान को एक लंबे समय तक लोगों की स्मृति में बनाए रखने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बन सकते हैं।
इस पहल का उद्देश्य एक उच्च गुणवत्ता वाला आउटडोर एडवरटाइजिंग ईको-सिस्टम तैयार करना है, जो कॉरिडोर को देखने में आकर्षक बनाने के साथ-साथ गैर-किराया राजस्व में भी योगदान देगा। साहिबाबाद से मोदीपुरम के बीच के इस खंड में कई औद्योगिक क्षेत्र, शैक्षिक हब और रिहायशी इलाके स्थित हैं। पियर्स पर विज्ञापन के लिए स्थान विकसित होने से इस मार्ग पर मौजूद व्यवसायों, स्कूल-कॉलेजों, रियल एस्टेट समूहों, अस्पतालों, एफ एंड बी चेन आदि के लिए यह एक प्रमुख ब्रांडिंग अवसर के रूप में उभर सकता है।
चयनित लाइसेंसधारी निर्धारित आवश्यकताओं के अनुसार विज्ञापन संबंधी इंफ्रास्ट्रक्चर के डिजाइन, फैब्रिकेशन, इंस्टॉलेशन, संचालन और रखरखाव के लिए जिम्मेदार होगा। 82 किलोमीटर लंबा दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक विस्तृत है। साथ ही, मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच नमो भारत के ही इंफ्रास्ट्रक्चर पर स्थानीय मेरठ मेट्रो सेवाएं भी प्रदान की जा रही हैं, जो देश में अपनी तरह का पहला उदाहरण है। इसके अलावा, कॉरिडोर को जहाँ भी संभव है सार्वजनिक परिवहन के अन्य साधनों के साथ एकीकृत भी किया गया है, जिससे क्षेत्र के विकसित हो रहे मोबिलिटी नेटवर्क में इसकी भूमिका और सुदृढ़ हुई है तथा बढ़ती यात्री संख्या में भी योगदान मिल रहा है।
इच्छुक बोलीदाता ई-टेंडरिंग प्रक्रिया के माध्यम से इसमें भाग ले सकते हैं। टेंडर से जुड़ी विस्तृत जानकारी, पात्रता मानदंड, नियम एवं शर्तें तथा निर्धारित समय-सीमा एनसीआरटीसी की आधिकारिक वेबसाइट ncrtc.in और सीपीपी पोर्टल etenders.gov.in पर उपलब्ध है।
.jpeg)

No comments:
Post a Comment