-अलमारी के लॉकर तोड़कर 3 लाख 75 हजार रुपये, जेवरात और कीमती कपड़े लेकर फरार
फिरोज खान
नित्य संदेश, मेरठ। थाना लिसाड़ीगेट क्षेत्र की मदीना कॉलोनी में बीती रात
चोरों ने पुलिस गश्त को ठेंगा दिखाते हुए एक ही रात में दो बंद मकानों को निशाना
बना लिया। बदमाश अलमारी के लॉकर तोड़कर 3 लाख 75 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के
जेवरात और कीमती कपड़े लेकर फरार हो गए। सुबह ताले टूटे देख कॉलोनी में हड़कंप मच
गया।
सूचना पर लिसाड़ी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौका-मुआयना किया। पुलिस
ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज
खंगाली जा रही है, चोरों की तलाश जारी है। बतादे कि मदीना कॉलोनी फेस-2 और आस-पास
का इलाका पुलिस रिकॉर्ड में पहले से ही संवेदनशील माना जाता है। हाल के महीनों में
पुलिस को मदीना कॉलोनी फेस-2 से ही हथियार और अपराधियों की गिरफ्तारी जैसी
कार्रवाई करनी पड़ी है। वहीं बंद घरों की रेकी कर चोरी करने वाले गैंग से पुलिस की
मुठभेड़ भी इसी जोन में हुई है।
पहली वारदात
मदीना कॉलोनी निवासी इकबाल पुत्र नवाबुद्दीन परिवार सहित किसी काम से बाहर गए
थे। सूने मकान का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़ा और अंदर घुस गए।
कमरों में रखी अलमारियों के लॉकर तोड़कर नकदी और जेवरात समेट लिए।
दूसरी वारदात
इकबाल के घर के बाद चोरों ने बगल में ही फिरोज पुत्र असगर अली के मकान के ताले
तोड़े। यहां से भी सोने-चांदी के कीमती जेवरात चोरी कर लिए गए। पीड़ितों के
मुताबिक दोनों घरों से कुल 3.75 लाख कैश और लाखों के आभूषण चोरी हुए हैं।
लिसाड़ीगेट में नकबजनी का पुराना पैटर्न
यह कोई पहली घटना नहीं है। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में बंद घरों में चोरी का
पैटर्न लगातार सामने आ रहा है। इससे पहले भी लिसाड़ी गेट की शौकत कॉलोनी में चोरों
ने एक मकान पर धावा बोल दिया था, परिवार मकान के ताले लगाकर शादी समारोह में गया
था, इस दौरान सेफ अलमारी के ताले तोड़कर डेढ़ लाख की नगदी और जेवरात चोरी कर लिए
गए थे।
पुलिस की कार्रवाई और कॉलोनी में दहशत
स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहारी सीजन के चलते कई परिवार घर बंद कर बाहर
जाते हैं और चोर इसी का फायदा उठाते हैं। लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और मदीना
कॉलोनी, समर गार्डन, शौकत कॉलोनी में नियमित पुलिस पिकेट लगाने की मांग की है,
ताकि नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लग सके।
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
No comments:
Post a Comment