मुकुल कुमार
नित्य संदेश, मेरठ। मेरठ विकास प्राधिकरण के जोन बी-4 अंतर्गत रोहटा बायपास रोड पर रेलवे ब्रिज से पहले बनाई जा रहीं चार कमर्शियल दुकानों को लेकर अवैध निर्माण का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का दावा है कि यह निर्माण करीब 6 माह पहले शुरू हुआ था और इसकी शिकायत प्राधिकरण के अभियंता जितेंद्र कुमार से भी की गई थी।
आरोप है कि शिकायत के बावजूद निर्माण पर रोक नहीं लगाई गई और निर्माण पूरा कर लिया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल आईजीआरएस पर की गई शिकायत के निस्तारण में पहले चालानी कार्रवाई और बाद में सील की कार्रवाई दिखाए जाने का दावा किया गया, लेकिन मौके पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आख्या में दिखाई गई कार्रवाई और जमीनी स्थिति में अंतर है, जिससे शासन के राजस्व को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है। शिकायतकर्ता ने मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष से मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में प्राधिकरण के संबंधित अभियंता अथवा अधिकारियों का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।
No comments:
Post a Comment