Tuesday, September 29, 2026

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने निपानिया स्थित ट्रिनिटी हॉस्पिटैलिटी के रोमियो लेन का निरीक्षण किया

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने हाई स्ट्रीट अपोलो, एबी रोड, निपानिया स्थित ट्रिनिटी हॉस्पिटैलिटी के रोमियो लेन का निरीक्षण किया। मौके पर होटल के जनरल मैनेजर अमोघ शरण मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान किचन के फ्रीजर में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे मिले। खाद्य पदार्थों की उचित टैगिंग भी नहीं की गई थी। टीम को खसखस और मशरूम पुराने एवं कीटग्रस्त मिले, जिन्हें मौके पर नष्ट कराया गया।


निरीक्षण के दौरान परिसर में पानी की जांच रिपोर्ट और खाद्य कर्मियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं मिले। खाद्य पदार्थों के भंडारण में FIFO और FEFO व्यवस्था का पालन भी नहीं पाया गया। टीम ने मौके से पनीर, दही, मूंगफली दाना, खड़ा धनिया और ग्लास वर्मीसेली के पांच नमूने लिए, जिन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है।


लाइसेंस की अवधि समाप्त मिली

जांच के दौरान ट्रिनिटी हॉस्पिटैलिटी का खाद्य लाइसेंस अवधि समाप्त पाया गया। इसके बाद खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने किचन में खाद्य पदार्थों के निर्माण संबंधी कार्य तत्काल रुकवा दिया।

शिकायत के बाद मोमोज सेंटर पर दबिश दी 

इसी क्रम में शिकायत के आधार पर खातीवाला टैंक स्थित बैराठी कॉलोनी के गोस्वामी मोमोज का औचक निरीक्षण किया गया। टीम के अनुसार, यहां मोमोज का निर्माण कर दुकान से बिक्री करने के साथ अन्य मोमोज विक्रेताओं को भी सप्लाई किया जा रहा था। संचालक पंकज गिरी के पास खाद्य पदार्थों के निर्माण के लिए वैध अनुज्ञप्ति नहीं मिली।


निर्माण कक्ष के बाहर और बैक लाइन क्षेत्र में गंदगी भी पाई गई। मौके पर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। टीम ने पनीर मोमोज और चीज मोमोज के नमूने जांच के लिए लिए हैं। पानी और पेस्ट कंट्रोल की रिपोर्ट भी नहीं मिली। मोमोज निर्माण में इस्तेमाल होने वाले पानी की जांच रिपोर्ट, परिसर का पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र और खाद्य कारोबारकर्ता का मेडिकल प्रमाण-पत्र भी मौके पर उपलब्ध नहीं मिला। खाद्य निर्माण के लिए आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने और वैध अनुज्ञप्ति प्राप्त करने तक मोमोज के निर्माण एवं प्रसंस्करण का काम स्थगित करा दिया गया।

No comments:

Post a Comment