Tuesday, September 29, 2026

शासकीय विद्यालयों में शुरू हुई RRR ग्रंथालय: Read Reuse Repeat की थीम पर विद्यार्थियों में पठन-पाठन एवं पुनः उपयोग की संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा


नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। महापौर एवं आयुक्त के निर्देशानुसार स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के अंतर्गत इंदौर नगर पालिक निगम द्वारा संचालित 15 RRR (Reduce, Reuse, Recycle) सेंटरों को नागरिक सहभागिता, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता तथा संसाधनों के पुनः उपयोग के प्रभावी केन्द्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।


इसी क्रम में शासकीय विद्यालयों में RRR Library प्रारंभ करने की अभिनव पहल की गई है। मल्हारगंज स्थित शासकीय शारदा कन्या विद्यालय में Read  Reuse  Repeat की थीम पर आधारित RRR Library का शुभारंभ अपर आयुक्त श्री प्रखर सिंह द्वारा किया गया। विद्यालय में स्थापित RRR Library में लगभग 2,100 पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं।


इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में पठन-पाठन की रुचि को बढ़ावा देने के साथ ही पुस्तकों के पुनः उपयोग एवं ज्ञान के आदान-प्रदान की संस्कृति विकसित करना है। इसके माध्यम से घरों एवं संस्थानों में अनुपयोगी पड़ी पुस्तकों को उपयोगी शैक्षणिक संसाधन में परिवर्तित कर अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

नगर निगम द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत शहर के अन्य शासकीय विद्यालयों में भी RRR Library प्रारंभ किया गया। इनमें शासकीय उर्दू स्कूल, साउथ तोड़ा-हाथीपाला, शासकीय गर्ल्स हाई सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-5, प्राइमरी स्कूल पिपलिया कुमार-कांकड़, निपानिया तथा शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-26, बाणगंगा शामिल हैं।


विदित हो कि नगर निगम द्वारा 1 सितम्बर 2026 से विशेष RRR अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत नागरिक अपने घरों में अनुपयोगी पड़ी पुस्तकों एवं प्लास्टिक सामग्री को RRR सेंटरों पर जमा कर रहे हैं तथा इसके बदले विभिन्न प्रजातियों के पौधे प्राप्त कर रहे हैं। अभियान को शहरवासियों का उत्साहपूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है।

अपर आयुक्त  प्रखर सिंह़ ने बताया कि अभियान के अंतर्गत अब तक शहर के 15 RRR सेंटरों पर 1,310 किलोग्राम प्लास्टिक तथा 18,503 पुस्तकें एकत्रित की जा चुकी हैं। वहीं नागरिकों को विभिन्न प्रजातियों के 5,077 पौधे वितरित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि RRR अभियान की विशेषता यह है कि एकत्रित पुस्तकों को केवल संग्रहित नहीं किया जा रहा, बल्कि आवश्यकता के अनुसार विद्यार्थियों, बच्चों एवं जरूरतमंद नागरिकों तक पहुंचाया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से अनुपयोगी पड़ी पुस्तकें पुनः उपयोग में आकर शिक्षा एवं ज्ञान के प्रसार का माध्यम बन रही हैं।

नगर निगम की इस पहल से Reduce, Reuse और Recycle की अवधारणा को व्यवहारिक रूप से बढ़ावा देने के साथ ही नागरिकों में संसाधनों के संरक्षण, पर्यावरणीय जिम्मेदारी एवं सामाजिक सहभागिता की भावना को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

No comments:

Post a Comment