Breaking

Your Ads Here

Thursday, September 24, 2026

विधि-विधान और ससम्मान होगा श्री गणेश प्रतिमाओं का जवाहर टेकरी पर विसर्जन

100 से अधिक स्थानों पर नगर निगम करेगा एकीकरण, विभिन्न क्षेत्रों में बनाए गए पर्यावरण हितैषी कुंड


नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। प्रभारी महापौर श्री राजेन्द्र राठौर एवं आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल के निर्देशन में अनंत चतुर्दशी के अवसर पर शहर में श्री गणेश प्रतिमाओं के ससम्मान एवं पर्यावरण हितैषी विसर्जन की व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। निगम द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों से एकत्रित की जाने वाली श्री गणेश प्रतिमाओं का धार रोड स्थित जवाहर टेकरी गिट्टी खदान में वर्षाकाल के दौरान एकत्रित वर्षाजल में 25 सितंबर को दोपहर 12 बजे से विधि-विधानपूर्वक विसर्जन प्रारंभ किया जाएगा, जो 26 सितंबर को भी जारी रहेगा।


सामान्य प्रशासन प्रभारी एवं श्री गणेश उत्सव समिति अध्यक्ष श्री नंदकिशोर पहाड़िया ने बताया कि इंदौर की परंपरा के अनुसार 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर शहर के मध्य क्षेत्र में भव्य श्री गणेश विसर्जन चल समारोह आयोजित होगा। चल समारोह एवं झांकी मार्ग पर सुरक्षा की दृष्टि से 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरे, 02 ड्रोन कैमरे लगाए गए हैं। वहीं, विशेष प्रकाश व्यवस्था के तहत झांकी मार्ग पर 5500 से अधिक हैलोजन एवं 1700 से अधिक मेटल लाइट लगाई गई हैं, जिससे पूरा झांकी मार्ग रोशनी से जगमगा उठा है।

हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म से होगा ससम्मान विसर्जन

जलकार्य प्रभारी श्री अभिषेक शर्मा ‘बबलू’ ने बताया कि नगर निगम द्वारा शहर के 100 से अधिक स्थानों से श्री गणेश प्रतिमाओं का एकत्रीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में बनाए गए पर्यावरण हितैषी कुंडों में नागरिक स्वयं अपने हाथों से माटी से निर्मित श्री गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन कर सकेंगे। नई हाइड्रोलिक तकनीक के माध्यम से सुरक्षित, व्यवस्थित एवं ससम्मान विसर्जन किया जाएगा।

25 सितंबर से 26 सितंबर तक प्रतिमा एकत्रीकरण की व्यवस्था

प्रभारी महापौर  राजेन्द्र राठौर एवं सामान्य प्रशासन प्रभारी श्रीनंदकिशोर पहाड़िया ने बताया कि नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर 25 सितंबर को प्रातःकाल से 26 सितंबर को प्रातः 10 बजे तक श्री गणेश प्रतिमाओं के एकत्रीकरण की व्यवस्था की गई है। निगम द्वारा श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित स्थानों पर ही प्रतिमाएं सौंपें तथा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के इस अभियान में सहयोग करें।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here