नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। साकेत स्थित अमेरिकन किड्स प्ले स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने कृष्ण लीलाओं की मनमोहक झांकियों से सबका मन मोह लिया, इस आयोजन ने हिंदू-मुस्लिम एकता की एक सुंदर मिसाल भी पेश की।
यह समारोह स्कूल के निदेशक, प्रसिद्ध कवि सौरभ जैन सुमन के
दिशा-निर्देशन में आयोजित किया गया। समारोह का नेतृत्व स्कूल की एकेडमिक कॉर्डिनेटर ज़ैनब
सैफ़ी ने किया। उन्होंने सभी बच्चों के संवाद तैयार करवाए और महाभारत के
विभिन्न पात्रों के अनुरूप उनकी वेशभूषा निर्धारित की। एक मुस्लिम शिक्षिका द्वारा
कृष्ण जन्मोत्सव का नेतृत्व करना आपसी सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक बना।
इस अवसर पर स्कूल की एडमिन हेड प्रिया सैनी ने बच्चों को जन्माष्टमी का
महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि "भगवान श्रीकृष्ण ने हमें जीवन में पूर्णता की
शिक्षा दी है। सनातन धर्म में एकमात्र श्रीकृष्ण ही ऐसे हैं जिनके जीवन की हर
अवस्था की पूजा की जाती है - चाहे वह गर्भ में आना हो, जन्म लेना हो, बाल लीलाएं
हों, रास लीला हो, गीता का उपदेश हो या द्वारकाधीश का रूप हो।"
कार्यक्रम में जन्माष्टमी से संबंधित अनेक झांकियों का मंचन किया गया, जिसमें
मुख्य रूप से कृष्ण का पालना झुलाना, रास लीला, सुदामा की मित्रता, गोवर्धन पर्वत
उठाना, सुदर्शन चक्र चलाना और राधा संग बंसी बजाना शामिल रहा। बच्चों की प्रस्तुति
ने उपस्थित सभी अभिभावकों और शिक्षकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम को सफल
बनाने में शिक्षिकाओं प्रियंका, शिवानी, गुंजन, पूजा, गौरी एवं शैली का विशेष
योगदान रहा।
.jpeg)
.jpeg)
No comments:
Post a Comment