नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ में शुक्रवार को साप्ताहिक कार्यक्रम ‘वीकेंड अभिव्यक्ति’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने क्विज, भाषण, गायन, फोटोग्राफी एवं पेंटिंग जैसी विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अभिव्यक्ति-कौशल, समसामयिक विषयों की समझ तथा आत्मविश्वास का विकास करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रोफेसर अतवीर सिंह, डीन, फैकल्टी ऑफ आर्ट ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय केवल डिग्री प्राप्त करने का स्थान नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, ज्ञान और कौशल के विकास का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे विश्वविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक, पुस्तकालय, खेल, सांस्कृतिक एवं अन्य सुविधाओं का समुचित उपयोग करें और अपने सर्वांगीण विकास के लिए उपलब्ध प्रत्येक अवसर का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए केवल बोलना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि एक अच्छा श्रोता बनना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। जब हम दूसरों को ध्यानपूर्वक सुनते हैं तो हमें नए विचारों, अनुभवों और दृष्टिकोणों को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे किसी भी विषय पर अपनी राय बनाने से पहले उसे समझने और विभिन्न पक्षों को सुनने की आदत विकसित करें।
प्रो. अतवीर सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को सहमति व्यक्त करने के साथ-साथ आवश्यकता पड़ने पर असहमति व्यक्त करने का साहस भी रखना चाहिए। लोकतांत्रिक और स्वस्थ समाज में विचारों की विविधता महत्वपूर्ण है। किसी विचार से असहमत होना व्यक्ति का विरोध करना नहीं है, बल्कि तर्क और तथ्य के आधार पर अपनी स्वतंत्र सोच को सामने रखना है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपनी बात स्पष्टता, संयम और तार्किकता के साथ रखें तथा दूसरों के विचारों का भी सम्मान करें। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर सीखते रहने, समय का सदुपयोग करने, अनुशासन बनाए रखने और अपनी रुचि के क्षेत्र में निरंतर अभ्यास करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सफलता किसी एक दिन की उपलब्धि नहीं, बल्कि निरंतर प्रयास, सकारात्मक सोच और सीखने की प्रक्रिया का परिणाम है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि शुभम शर्मा, पत्रकार, दैनिक भास्कर डिजिटल विंग, मेरठ एवं तिलक पत्रकारिता एवं जनसंचार स्कूल के पूर्व छात्र ने विद्यार्थियों को मीडिया और रिपोर्टिंग के विभिन्न पहलुओं की उपयोगी जानकारी दी। उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में बदलते मीडिया परिदृश्य, रिपोर्टिंग के दौरान तथ्यों की जांच, समाचार की प्रस्तुति और डिजिटल मीडिया की बढ़ती भूमिका पर विद्यार्थियों से संवाद किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अभिषेक नागर, द्वितीय स्थान हर्ष तथा तृतीय स्थान गौतम ने प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में अभि शर्मा प्रथम, सक्षम गर्ग द्वितीय तथा दिव्यांशी तृतीय स्थान पर रहीं।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अंतर्गत सोहा खान ने संस्कृत में गीत प्रस्तुत किया। वहीं अमितेश्वर सिंह ने अपने फोटोग्राफ प्रस्तुत किए, जबकि दीपक ने स्वयं द्वारा बनाए गए चित्रों की प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विविधतापूर्ण और आकर्षक बनाया।
कार्यक्रम में कर्नल राहुल जोशी ने नेपाल आपदा विषय पर विशेष व्याख्यान दिया। उन्होंने आपदा की परिस्थितियों, मानवीय संवेदनाओं तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विद्यार्थियों को जानकारी दी।
कार्यक्रम की शुरुआत में विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि प्रो. अतवीर सिंह का शॉल ओढ़ाकर एवं बुके भेंट कर स्वागत किया। विशिष्ट अतिथि शुभम शर्मा को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन लवकुमार सिंह ने किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. दीपिका वर्मा, निधि शर्मा, तनीषा माथुर, कपिल एवं निशांत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में स्कूल के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment