Saturday, September 26, 2026

मवाना में भारी बारिश से कहर, गरीब का आशियाना ढहा - परिवार बाल-बाल बचा


नित्य संदेश ब्यूरो 
मवाना। ग्राम नारंगपुर में शनिवार दोपहर भारी बारिश के कारण एक गरीब परिवार का मकान भरभराकर गिर गया। हादसे में परिवार का सारा सामान मलबे में दब गया, हालांकि गनीमत रही कि परिवार के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए। अब पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 2:00 बजे ग्राम नारंगपुर में अत्यधिक बारिश के चलते रणवीर सिंह (कश्यप) पुत्र सुक्खे और सुशील कुमार कश्यप पुत्र ओमवीर कश्यप (धीवर) का कच्चा मकान अचानक गिर गया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर ही मौजूद थे। मकान गिरने की आवाज सुनते ही सभी किसी तरह बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। देखते ही देखते पूरा मकान मलबे के ढेर में तब्दील हो गया।

इस हादसे में परिवार का घरेलू सामान, कपड़े, बर्तन और अन्य जरूरी चीजें मलबे में दबकर नष्ट हो गईं, जिससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से मुआवजे और रहने की अस्थायी व्यवस्था की गुहार लगाई है। वहीं ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार की हर संभव मदद करने की मांग की है।

No comments:

Post a Comment