Thursday, September 3, 2026

महावीर विश्वविद्यालय में संस्कृत सप्ताह का भव्य आयोजन



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। भारतीय संस्कृति, ज्ञान-परंपरा एवं संस्कृत भाषा की गौरवशाली विरासत के संरक्षण, संवर्धन तथा भावी पीढ़ी तक उसके व्यापक प्रसार के उद्देश्य से महावीर विश्वविद्यालय में संस्कृत सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विविध संकायों के विद्यार्थियों, डीनगण एवं विभागाध्यक्षगण ने उत्साह एवं श्रद्धाभाव के साथ सहभागिता की।


संस्कृत भारतीय सभ्यता की वह प्राचीन एवं गौरवमयी भाषा है, जिसमें ज्ञान, दर्शन, साहित्य, विज्ञान, अध्यात्म एवं जीवन-मूल्यों की विपुल निधि निहित है। संस्कृत भाषा के इसी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व को केंद्र में रखते हुए कार्यक्रम में भारतीय ज्ञान-परंपरा तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं बौद्धिक विकास में संस्कृत की उपयोगिता पर गंभीर एवं सारगर्भित विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) सर्वोत्तम दीक्षित ने अपने संदेश में कहा कि संस्कृत मात्र एक प्राचीन भाषा नहीं, अपितु भारत की सनातन ज्ञान-परंपरा, संस्कृति, दर्शन एवं जीवन-मूल्यों की अक्षय धरोहर है। उन्होंने कहा कि संस्कृत के अध्ययन से विद्यार्थियों में ज्ञानार्जन के साथ संस्कार, अनुशासन, चिंतनशीलता तथा अपनी गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत के प्रति आत्मगौरव की भावना का विकास होता है। उन्होंने संस्कृत सप्ताह जैसे आयोजनों को वर्तमान पीढ़ी को भारत की प्राचीन ज्ञान-संपदा एवं सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में संस्कृत भाषा के प्रति अनुराग, जिज्ञासा एवं अध्ययन की प्रवृत्ति को प्रोत्साहित करते हैं।


संस्कृत सप्ताह के आयोजन में आयुर्वेद संकाय, फार्मेसी संकाय, कृषि विज्ञान संकाय, पुस्तकालय विज्ञान संकाय, वाणिज्य एवं प्रबंधन संकाय, कंप्यूटर अनुप्रयोग संकाय, अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय, विज्ञान संकाय, शिक्षा संकाय, कला एवं मानविकी संकाय, विधि अध्ययन संकाय, नर्सिंग संकाय तथा प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग विज्ञान संकाय सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के विद्यार्थी, डीन एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे। विभिन्न संकायों की समन्वित एवं सक्रिय सहभागिता ने इस आयोजन को व्यापक तथा बहुआयामी स्वरूप प्रदान किया। आयोजन का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्कृत की गौरवशाली परंपरा से परिचित कराना, भारतीय संस्कृति एवं ज्ञान-विरासत के प्रति उनमें चेतना एवं सम्मान का भाव जागृत करना तथा संस्कृत भाषा के प्रति रुचि एवं अनुराग को प्रोत्साहित करना रहा। महावीर विश्वविद्यालय में संस्कृत सप्ताह का आयोजन 25 से 31 सितंबर 2026 तक सेमिनार हॉल-2, महावीर विश्वविद्यालय में किया जा रहा है। 

No comments:

Post a Comment