नित्य संदेश ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। हिंदी दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब मुजफ्फरनगर संकल्प द्वारा न्यू होराइजन स्कूल में हिंदी विषय पर आधारित ड्रॉइंग एवं चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में लगभग 350 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बच्चों ने अपनी कल्पनाशक्ति, रचनात्मकता और हिंदी भाषा के प्रति भावनाओं को रंगों एवं चित्रों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया।कार्यक्रम में सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनकी प्रतिभा एवं सहभागिता का सम्मान किया गया। वहीं प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को दो श्रेणियों में विशेष पुरस्कार/उपहार एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस सम्मान का उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को पहचान देना तथा उन्हें भविष्य में और बेहतर करने के लिए प्रेरित करना रहा।
विद्यालय की प्राचार्या मीनाक्षी मित्तल एवं नमन मित्तल के मार्गदर्शन तथा समस्त शिक्षकगण एवं स्टाफ के सहयोग से कार्यक्रम अत्यंत उत्साहपूर्ण एवं गरिमापूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। विद्यालय द्वारा शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास, संस्कार एवं भारतीय संस्कृति और भाषा के प्रति सम्मान विकसित करने के प्रयासों की रोटरी सदस्यों ने सराहना की। इस अवसर पर क्लब की सचिव रोटेरियन रितिका भार्गव ने बच्चों को हिंदी भाषा को अपने दैनिक जीवन में सम्मानपूर्वक अपनाने और अधिकाधिक हिंदी बोलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अपनी भाषा के प्रति सम्मान हमारी संस्कृति और पहचान के प्रति सम्मान है। साथ ही उन्होंने सभी को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में रोटेरियन नियम शर्मा, रोटेरियन मनोज शर्मा, रोटेरियन आकाश भार्गव, रोटेरियन प्रेरक जैन एवं रोटेरियन विकास भार्गव ने भी बच्चों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा हिंदी के महत्व पर अपने विचार साझा किए। रोटरी कलर मुजफ्फरनगर संकल्प ने विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्या, समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा को मंच देना और उसे सम्मानित करना ही उनके भीतर आगे बढ़ने का विश्वास पैदा करता है। हिंदी दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम भाषा, शिक्षा, संस्कार और रचनात्मकता के सुंदर समन्वय का सार्थक उदाहरण बना।

No comments:
Post a Comment